NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रस्तावित आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में आई तेज गिरावट का असर उन कंपनियों के शेयरों पर भी दिखाई दिया, जिनकी NSE में हिस्सेदारी है. मंगलवार के कारोबार में न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL) और IFCI के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई और दोनों स्टॉक्स कारोबार के दौरान करीब 14 प्रतिशत तक नीचे चले गए.
NIACL के शेयर 13.71% तक टूटे
न्यू इंडिया एश्योरेंस के शेयरों ने मंगलवार के कारोबार में 199.52 रुपये का इंट्राडे लो बनाया. यह इसके पिछले बंद भाव 231.20 रुपये के मुकाबले 13.71% की गिरावट है. दोपहर 12 बजे तक NSE पर कंपनी का शेयर 9.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 209.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था. NIACL की NSE में 1.42% हिस्सेदारी है. NSE के प्रस्तावित आईपीओ को लेकर पिछले कुछ हफ्तों में कंपनी के शेयर में करीब 30 प्रतिशत तक की तेजी आई थी.
IFCI में भी दिखी बड़ी गिरावट
IFCI के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला. कारोबार के दौरान स्टॉक 92.75 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंच गया, जो इसके पिछले क्लोजिंग प्राइस 102.51 रुपये से करीब 9.5 प्रतिशत नीचे है. दोपहर 12 बजे IFCI का शेयर 8.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.16 रुपये पर कारोबार कर रहा था. IFCI की Stock Holding Corporation of India Limited में 52% हिस्सेदारी है. SHCIL की NSE में करीब 4.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है. NSE IPO को लेकर तेजी से पहले IFCI के शेयर में पिछले कुछ हफ्तों के दौरान करीब 40 प्रतिशत तक की बढ़त देखने को मिली थी.
NSE IPO के GMP में आई बड़ी गिरावट
NSE के प्रस्तावित आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम में हाल के दिनों में काफी कमजोरी आई है. 5 सितंबर को 310 रुपये प्रति शेयर रहा GMP घटकर 8 सितंबर को 221 रुपये प्रति शेयर पर आ गया. GMP में आई इस गिरावट के बीच NSE से जुड़ी हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में भी निवेशकों की सतर्कता बढ़ती दिखाई दी.
सेबी से मिली IPO को आगे बढ़ाने की मंजूरी
बीते शुक्रवार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने NSE के करीब 30,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया था. इससे NSE के IPO की प्रक्रिया एक अहम चरण में पहुंच गई है. अब एक्सचेंज को सेबी के पास RHP (Red Herring Prospectus) जमा करना होगा. इसके बाद IPO को बाजार में लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है.
पूरी तरह OFS होगा NSE का IPO
NSE का प्रस्तावित IPO पूरी तरह Offer for Sale होगा. इसका मतलब है कि IPO से जुटाई जाने वाली रकम सीधे NSE के पास नहीं जाएगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे. इस ऑफर के तहत करीब 14.89 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी. यह NSE की कुल पेड-अप कैपिटल का लगभग 6% हो सकता है.
यह भी पढ़े: जम्मू-कश्मीरः रजौरी में मिला ‘PIA’ लिखा गुब्बारा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट