Onion Price Hike: दिल्ली-NCR में यहां मिल रहा सबसे सस्ता प्याज, जानें आजादपुर से गाजियाबाद तक के भाव

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Onion Price Hike: प्याज की कीमतों ने एक बार फिर आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. देशभर में प्याज का खुदरा भाव करीब 42 रुपये प्रति किलो पहुंच चुका है, जबकि दिल्ली में इसकी कीमत 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है. ऐसे में अगर आप थोक मंडी से प्याज खरीदते हैं तो खुदरा बाजार के मुकाबले काफी कम कीमत चुकानी पड़ सकती है. हालांकि, दिल्ली-NCR की सभी मंडियों में प्याज के भाव एक जैसे नहीं हैं. कहीं प्याज 25 रुपये किलो के आसपास मिल रहा है तो कहीं इसकी कीमत 39 रुपये किलो तक है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस समय किस मंडी में प्याज सबसे सस्ता मिल रहा है.

आजादपुर मंडी में 25 रुपये के करीब भाव

दिल्ली की आजादपुर मंडी प्याज के बड़े थोक बाजारों में शामिल है. यहां प्याज का ताजा थोक भाव करीब 25.31 रुपये प्रति किलो है. 21 अगस्त के आंकड़ों के मुताबिक, आजादपुर मंडी में प्याज 17.50 रुपये से लेकर 32.50 रुपये प्रति किलो तक बिका था. यानी प्याज की किस्म और क्वालिटी के हिसाब से कीमत में अंतर देखने को मिल रहा है. अगर आप थोक में प्याज खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो यहां अलग-अलग क्वालिटी के भाव की जानकारी लेकर खरीदारी करना फायदेमंद हो सकता है.

केशोपुर मंडी में क्या है रेट?

केशोपुर मंडी में प्याज का औसत उपलब्ध भाव करीब 39 रुपये प्रति किलो है. 22 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार, यहां प्याज का न्यूनतम भाव 22 रुपये और अधिकतम भाव 46 रुपये प्रति किलो रहा. इससे पता चलता है कि आजादपुर और केशोपुर मंडी में प्याज की कीमतों के बीच अच्छा खासा अंतर है. खासकर ज्यादा मात्रा में प्याज खरीदने वालों के लिए मंडी का ताजा भाव पता करना जरूरी है.

गाजीपुर मंडी में बड़े प्याज का भाव कम

पूर्वी दिल्ली की गाजीपुर सब्जी मंडी में 23 अगस्त को बड़े साइज का प्याज 29 रुपये प्रति किलो बिका. वहीं यहां प्याज की खुदरा कीमत 32 से 38 रुपये प्रति किलो के बीच रही. छोटे प्याज की बात करें तो गाजीपुर मंडी में इसका भाव करीब 50 रुपये किलो था, जबकि खुदरा बाजार में यही प्याज 55 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. अगर आपको बड़े साइज का प्याज खरीदना है तो गाजीपुर मंडी इस समय एक सस्ता विकल्प नजर आ रही है.

गाजियाबाद मंडी में भी अलग-अलग भाव

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी प्याज की कीमतें क्वालिटी और साइज के हिसाब से अलग हैं. 24 अगस्त को यहां की प्याज मंडी में बड़े साइज का प्याज 33 रुपये प्रति किलो बिका.वहीं छोटे प्याज का भाव करीब 55 रुपये प्रति किलो रहा. खुदरा बाजार में बड़े प्याज की कीमत करीब 36 से 43 रुपये और छोटे प्याज की कीमत 61 से 72 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई. यानी मंडी से खरीदारी करने पर बड़े और छोटे दोनों तरह के प्याज में खुदरा बाजार के मुकाबले अंतर देखने को मिल रहा है.

प्याज के दाम घटाने के लिए सरकार की तैयारी

प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच सरकार भी बाजार में सप्लाई बढ़ाने की तैयारी कर रही है. केंद्र सरकार अपने बफर भंडार से प्याज बाजार में उतारने जा रही है. इसके लिए नासिक से दिल्ली समेत कई शहरों तक प्याज पहुंचाने के लिए कांदा एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है. इसका मकसद उन इलाकों तक प्याज पहुंचाना है, जहां इसकी कीमतें ज्यादा हैं. दिल्ली में प्याज का खुदरा भाव फिलहाल 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है. ऐसे में बफर स्टॉक से प्याज की सप्लाई बढ़ने पर बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़े: प्याज के बढ़ते भाव पर लगेगी लगाम, सरकार बफर स्टॉक से बाजार में उतारेगी सस्ता प्याज

Latest News

सच्चे कर्मों से ही मिलता है जीवन में सुख और शांति: दिव्य मोरारी बापू

Puskar/Rajasthan: परम पूज्य संत श्री दिव्य मोरारी बापू ने कहा, धर्मशास्त्रों में कर्म तीन प्रकार के बताये गये हैं। तीनों...

More Articles Like This

Exit mobile version