Islamabad: पड़ोसी देश पाकिस्तान ने अपने देश के नागरिकों को बड़ी राहत दी है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती करने का ऐलान किया है. पाकिस्तान सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की कीमत ₹6.00 प्रति लीटर की कटौती के बाद ₹403.78 प्रति लीटर हो गई है. वहीं हाई स्पीड डीजल (HSD) की कीमत ₹6.80 प्रति लीटर की कटौती के बाद ₹402.78 प्रति लीटर हो गई है. पेट्रोल-डीजल की नई दरें शनिवार यानि 23 मई से लागू हो गई हैं.
दूसरे हफ्ते ईंधन की कीमतों में कटौती
बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने लगातार दूसरे हफ्ते ईंधन की कीमतों में कटौती की है. पिछले हफ्ते भी पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दामों में 5 रुपए की कमी की गई थी. हालांकि, मौजूदा कटौती के बावजूद पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बेहद उच्च स्तर पर बनी हुई हैं. फरवरी में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से पाकिस्तानी सरकार हर शुक्रवार को ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर रही है.
55% की भारी-भरकम बढ़ोतरी
पाकिस्तानी सरकार ने 6 मार्च को पेट्रोल-डीजल के दाम एकमुश्त ₹55 प्रति लीटर बढ़ा दिए थे. इसके बाद 2 अप्रैल को एक बार फिर पेट्रोल में 43% और डीजल में 55% की भारी-भरकम बढ़ोतरी की गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की अस्थिरता के बीच भारत में भी ईंधन की कीमतों पर आंशिक असर पड़ा है. हाल के दिनों में तीन किस्तों में पेट्रोल-डीजल के दाम करीब ₹5 बढ़ाए गए हैं.
CNG की कीमतों में भी ₹1 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी
शनिवार यानि आज पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया. इसके अलावा कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में भी ₹1 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है.
इसे भी पढ़ें. ‘कर्मयोगी प्लेटफार्म का लाभ उठाएं’, युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर बोले PM मोदी