Share Market Today: सपाट शुरुआत के बाद बाजार में हलचल, धातु और रक्षा शेयरों में जोरदार तेजी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत लगभग सपाट रही. कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद बाजार में हल्की तेजी और गिरावट दोनों देखने को मिलीं. सुबह करीब 9 बजकर 21 मिनट पर सेंसेक्स 6 अंक की मामूली गिरावट के साथ 74,553 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 10 अंक की हल्की बढ़त के साथ 23,390 पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला. धातु और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी और बैंकिंग क्षेत्र के कुछ शेयरों में दबाव दिखाई दिया.

धातु और रक्षा क्षेत्र में रही मजबूती

बाजार खुलते ही धातु और रक्षा क्षेत्र की कंपनियों में खरीदारी बढ़ गई. इसके अलावा दैनिक उपभोक्ता वस्तु, तेल एवं गैस, दवा, ऊर्जा, सार्वजनिक उपक्रम और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में भी मजबूती देखने को मिली. वहीं सूचना प्रौद्योगिकी, सेवा क्षेत्र और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में गिरावट का माहौल बना रहा.

इन बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी

सेंसेक्स में शामिल कई बड़ी कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखाई दिए. इनमें एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, आईटीसी, सन फार्मा, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजी, भारती एयरटेल और टेक महिंद्रा शामिल रहे. दूसरी ओर पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी देखी गई.

मझोली और छोटी कंपनियों में खरीदारी

बाजार में मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. मझोली कंपनियों का सूचकांक 228 अंक की बढ़त के साथ 59,932 पर पहुंच गया, जबकि छोटी कंपनियों का सूचकांक 76 अंक मजबूत होकर 18,015 पर कारोबार करता दिखाई दिया. एशिया के अधिकतर शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी का माहौल रहा. टोक्यो, हांगकांग, सोल, बैंकॉक और शंघाई के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे. हालांकि जकार्ता बाजार में गिरावट दर्ज की गई. वहीं अमेरिका के शेयर बाजार मंगलवार को मिला-जुला बंद हुए थे. डाओ जोन्स में हल्की बढ़त दर्ज की गई, जबकि नैस्डैक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ.

विदेशी निवेशकों ने बेचे शेयर

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को भारतीय बाजार में बिकवाली जारी रखी. विदेशी निवेशकों ने लगभग 1,959 करोड़ रुपए के शेयर बेचे. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने करीब 7,990 करोड़ रुपए का निवेश कर बाजार को सहारा दिया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है. डब्ल्यूटीआई कच्चा तेल करीब 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.99 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं ब्रेंट कच्चा तेल भी 1.15 प्रतिशत टूटकर 106.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

यह भी पढ़े: सामने आई प्रतीक यादव की आखिरी ट्रिप की तस्वीर, परिवार के साथ बिताए थे हसीन पल

Latest News

West Asia Crisis: UAE तट के पास ईरान ने एक जहाज को किया जब्त

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया संकट के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पूर्वी तट के पास एक जहाज...

More Articles Like This

Exit mobile version