Plane Crash: महाराष्ट्र के बारामती के गोजुबावी गांव में बुधवार को एक दो सीटों वाला ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया. अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आयी और विमान में सवार एकमात्र प्रशिक्षु पायलट बारामती हवाई पट्टी के निकट स्थित गोजुबावी गांव के पास हुई इस घटना के बाद सुरक्षित बाहर आ गया. उन्होंने बताया कि विमान रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी का था. पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि यह घटना सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर हुई.
अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था विमान
उन्होंने कहा कि चश्मदीद से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई. अचानक उतरने के दौरान विमान का एक हिस्सा पहले बिजली के एक खंभे से टकराया और फिर जमीन से टकराया. पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंची. अधिकारी ने बताया कि आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले भी इसी कंपनी के विमान जिले में दुर्घटनाओं का शिकार बन चुके हैं.
उड़ान के दौरान विमान का इंजन बंद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोजुबावी गांव के उत्तरी हिस्से के ऊपर उड़ान के दौरान विमान का इंजन बंद हो गया जो मुख्य आवासीय क्षेत्र से करीब 1.5 किलोमीटर दूर था. इसके बावजूद प्रशिक्षु पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को पास के एक गन्ने के खेत में सुरक्षित उतार दिया. विमान के उतरते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी वहां पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारी अब तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहे हैं.
इसी गांव में दुर्घटनाग्रस्त
गोजुबावी गांव में इससे पहले भी विमान से जुड़ी एक घटना हो चुकी है, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार जिस विमान में यात्रा कर रहे थे, वह भी इसी गांव में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जानकारी के आधार पर जांच जारी है. जांच का मुख्य फोकस इंजन फेल होने और आपात लैंडिंग की परिस्थितियों पर है.
इसे भी पढ़ें. प्रतीक की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- उसके इस तरह से चले जाने का दुख है