सन फार्मा का बड़ा अधिग्रहण: 11.75 अरब डॉलर में ऑर्गेनॉन खरीदेगी, बनेगी टॉप ग्लोबल फार्मा कंपनी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Sun Pharma Organon Deal: भारतीय फार्मा इंडस्ट्री में एक बड़ा और ऐतिहासिक मोड़ देखने को मिला है. देश की दिग्गज कंपनी सन फार्मा ने अमेरिका की प्रमुख फार्मा कंपनी ऑर्गेनॉन के अधिग्रहण का ऐलान कर दिया है. करीब 11.75 अरब डॉलर (लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये) की यह डील भारतीय फार्मा सेक्टर के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है. इस कदम से न केवल सन फार्मा की वैश्विक मौजूदगी मजबूत होगी, बल्कि इनोवेटिव दवाओं और बायोसिमिलर सेगमेंट में भी कंपनी की पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद है.

ऑल-कैश डील में होगा अधिग्रहण

कंपनी की ओर से एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया है कि यह पूरी तरह से ऑल-कैश डील होगी. इसके तहत सन फार्मा 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से ऑर्गेनॉन की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी.

यह डील कंपनी की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह इनोवेटिव दवाओं के कारोबार को विस्तार देना चाहती है और ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं में अपनी स्थिति को और मजबूत करना चाहती है.

वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी पकड़

इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा को बायोसिमिलर सेगमेंट में एक प्रमुख वैश्विक खिलाड़ी बनने का मौका मिलेगा. साथ ही महिला स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में भी कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी.

दोनों कंपनियों के एकीकरण के बाद संयुक्त इकाई का कुल राजस्व करीब 12.4 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे यह दुनिया की शीर्ष 25 फार्मा कंपनियों में शामिल हो सकती है.

ऑर्गेनॉन की मजबूत वैश्विक मौजूदगी

न्यू जर्सी स्थित ऑर्गेनॉन महिला स्वास्थ्य, बायोसिमिलर और स्थापित दवाओं के क्षेत्र में काम करती है. कंपनी के पास 70 से अधिक उत्पादों का मजबूत पोर्टफोलियो है और यह 140 से ज्यादा देशों में अपनी उपस्थिति रखती है. इससे सन फार्मा को अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से विस्तार करने का मौका मिलेगा.

फाइनेंशियल प्रदर्शन और डील की शर्तें

दिसंबर 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में ऑर्गेनॉन ने 6.2 अरब डॉलर का राजस्व और 1.9 अरब डॉलर का समायोजित EBITDA दर्ज किया था. यह अधिग्रहण दोनों कंपनियों के बोर्ड द्वारा मंजूर किया जा चुका है. हालांकि, इसे पूरा होने के लिए नियामकीय मंजूरी और ऑर्गेनॉन के शेयरधारकों की स्वीकृति जरूरी होगी.

उम्मीद है कि यह डील 2027 की शुरुआत तक पूरी हो जाएगी. इस सौदे के लिए सन फार्मा आंतरिक संसाधनों और कर्ज के मिश्रण से फंड जुटाने की योजना बना रही है.

शेयर बाजार में दिखा असर

इस बड़े ऐलान का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. सुबह 10:50 बजे के आसपास सन फार्मा के शेयर में करीब 7.5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह 1,741 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. यह उछाल निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है, जो इस अधिग्रहण को कंपनी के लिए एक सकारात्मक और दीर्घकालिक विकास के कदम के रूप में देख रहे हैं.

यह भी पढ़े: आबकारी मामलाः दिल्ली हाईकोर्ट में पेश नहीं होंगे केजरीवाल, जस्टिस स्वर्णकांता को लिखी चिट्ठी

Latest News

शो में खालिस्तानी समर्थकों के विरोध पर हंगामा, दिलजीत दोसांझ का फूटा गुस्सा, बोले-जिसे आना है, सामने आए…

Washington: पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ को लेकर सुर्खियों में हैं. बता...

More Articles Like This

Exit mobile version