इस हफ्ते TCS का मार्केट कैप सबसे ज्यादा घटा, बाकी दिग्गज कंपनियों का हाल जानें

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

TCS Market Cap Loss: इस सप्ताह शेयर बाजार में आई तेज गिरावट के बीच देश की प्रमुख आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बाजार पूंजीकरण में 90,198.92 करोड़ रुपये की भारी कमी दर्ज की गई. जिससे कंपनी का कुल मार्केट कैप घटकर 9,74,043.43 करोड़ रुपये रह गया. इस अवधि में टीसीएस देश की शीर्ष कंपनियों में सबसे अधिक नुकसान झेलने वाली कंपनी के रूप में सामने आई. व्यापक बिकवाली के चलते शीर्ष 10 में शामिल छह कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य भी 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा घट गया.

सेंसेक्स गिरा, आईटी शेयरों पर दबाव

बीएसई का प्रमुख सूचकांक 953.64 अंक यानी 1.14 प्रतिशत गिरा. जिससे निवेशकों का कमजोर भरोसा साफ नजर आया. आईटी सेक्टर की जिन कंपनियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ उनमें टीसीएस और इंफोसिस शामिल हैं. जिनके मूल्यांकन में भारी गिरावट देखी गई. इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 70,780.23 करोड़ रुपए घटकर 5,55,287.72 करोड़ रुपए रह गया. आईटी शेयरों में आई गिरावट का असर पूरे बाजार पर पड़ा. निजी क्षेत्र के बैंक एचडीएफसी बैंक के मूल्यांकन में भी 54,627.71 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 13,93,621.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.

रिलायंस समेत कई दिग्गजों को नुकसान

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में भी 41,883 करोड़ रुपये की कमी आई और यह घटकर 19,21,475.79 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि कंपनी अब भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई है. वहीं भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का मार्केट कैप 23,971.74 करोड़ रुपये घटकर 5,46,226.80 करोड़ रुपये पर आ गया. इसी तरह भारती एयरटेल के बाजार मूल्य में 19,244.61 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. जिसके बाद उसका कुल मार्केट कैप 11,43,044.03 करोड़ रुपये रह गया.

कुछ कंपनियों को हुआ फायदा

हालांकि, सभी कंपनियों के लिए यह हफ्ता नुकसान भरा नहीं रहा. देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एसबीआई का मार्केट कैप 1,22,213.38 करोड़ रुपए बढ़कर 11,06,566.44 करोड़ रुपए हो गया और यह सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनी रही. वहीं, बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 26,414.44 करोड़ रुपए बढ़कर 6,37,244.64 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. जबकि इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुर्बो का मार्केट कैप 14,483.9 करोड़ रुपए बढ़कर 5,74,028.93 करोड़ रुपए हो गया.

टॉप कंपनियों की नई रैंकिंग

ICICI बैंक के बाजार पूंजीकरण में भी 5,719.95 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई. जिससे इसका कुल मार्केट कैप बढ़कर 10,11,978.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. बाजार में गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही. इसके बाद शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी), इंफोसिस और एलआईसी शामिल रहीं.

More Articles Like This

Exit mobile version