मार्च 2025 में आठ कोर उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में सालाना आधार पर दर्ज की गई 3.8% की वृद्धि

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (Ministry of Commerce and Industry) द्वारा हाल ही में जारी आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2025 में आठ कोर उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में सालाना आधार पर 3.8% की वृद्धि दर्ज की गई. इस वर्ष मार्च में सीमेंट, उर्वरक, स्टील, बिजली, कोयला और रिफाइनरी प्रोडक्ट्स के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई. आठ कोर उद्योग औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) में शामिल वस्तुओं के भार का 40.27% हिस्सा बनाते हैं और समग्र औद्योगिक विकास के सूचक हैं. दिसंबर 2024 के लिए आठ कोर उद्योगों के सूचकांक की अंतिम वृद्धि दर को संशोधित कर 5.1% कर दिया गया है.
FY25 में (अप्रैल 2024-मार्च 2025) तक ICI की संचयी वृद्धि दर अब पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 4.4% है. इस वर्ष मार्च में उर्वरक उत्पादन में पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 8.8% की जोरदार वृद्धि हुई, क्योंकि बेहतर मानसून और किसानों के लिए उच्च एमएसपी आय के साथ कृषि क्षेत्र ने विकास की गति पकड़ी. उर्वरकों के लिए संचयी सूचकांक अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 2.9% बढ़ा. निर्माण गतिविधि में वृद्धि और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में निवेश के कारण मार्च में स्टील उत्पादन में पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 7.1% की वृद्धि हुई.
अप्रैल से मार्च के लिए इस्पात उत्पादन में वृद्धि अब पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 6.7% है. सीमेंट उत्पादन ने मार्च में 11.6% की मजबूत दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की, जबकि अप्रैल से मार्च के दौरान इसकी वृद्धि पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 6.3% रही. इस साल मार्च में बिजली उत्पादन में 6.2% की वृद्धि हुई, जबकि अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच इसकी संचयी वृद्धि 5.1% रही.
पिछले साल के इसी महीने की तुलना में मार्च में कोयला उत्पादन में 1.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 5.1% बढ़ा. पिछले साल के इसी महीने की तुलना में मार्च में प्राकृतिक गैस उत्पादन में 12.7% की गिरावट आई, जबकि पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में इस महीने के दौरान 0.2% की वृद्धि दर्ज की गई.
Latest News

सिर्फ सजावट ही नहीं, सेहत का भी ख्याल रखता है स्नेक प्लांट, घर के वातावरण को भी बनाए बेहतर

Snake plant: आजकल लोग अपने घरों और आफिसो को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के इनडोर...

More Articles Like This

Exit mobile version