New Delhi: मध्य एशियाई देश उज्बेकिस्तान में अब यूपीआई चलेगा. इससे भारतीय पर्यटक, कारोबारी और छात्र आसानी से एक क्यूआर के जरिए तत्काल सीमा-पार मर्चेंट भुगतान कर पाएंगे. यह जानकारी सोमवार को वित्त मंत्रालय की ओर से दी गई. यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान की द्विपक्षीय यात्रा के दौरान की गई. वित्त मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, इसके लिए उज्बेकिस्तान के राष्ट्रीय इंटरऑपरेबल क्यूआर कोड यूजेडक्यूआर को स्कैन करना होगा.
अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
बयान में कहा गया है कि भारतीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनपीआईएल ने 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राष्ट्रीय भुगतान प्रणाली एचयूएमओ का संचालन करने वाले नेशनल इंटरबैंक प्रोसेसिंग सेंटर जेएससी (एनआईपीसी) के साथ एक वाणिज्यिक समझौता किया. यह यूपीआई के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
देशभर में मर्चेंट तुरंत कर सकेंगे भुगतान
इस साझेदारी के तहत भारतीय यात्री यूपीआई ऐप्स के जरिए उज्बेकिस्तान के राष्ट्रीय इंटरऑपरेबल क्यूआर कोड यूजेडक्यूआर को स्कैन कर देशभर में मर्चेंट भुगतान तुरंत कर सकेंगे. समझौते का क्रियान्वयन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और उज्बेकिस्तान के केंद्रीय बैंक (सीबीयू) सहित वित्तीय नियामकों से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद हुआ है. सीबीयू ने सीमा-पार मर्चेंट भुगतान स्वीकार करने के लिए एचयूएमओ को एनआईपीएल का अधिकृत साझेदार बनाया है.
सभी मर्चेंट्स पर भुगतान की सुविधा
सीबीयू के अनिवार्य यूनिफाइड नेशनल क्यूआर ढांचे के साथ एकीकरण के बाद यूपीआई उपयोगकर्ताओं को उज्बेकिस्तान में रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और सेवा क्षेत्र के लगभग सभी मर्चेंट्स पर भुगतान की सुविधा मिलेगी. भारतीय पर्यटक, कारोबारी यात्री और छात्र अपने भारतीय बैंक खातों से सीधे व्यक्ति से मर्चेंट (पी2एम) भुगतान कर सकेंगे. इससे विदेशी मुद्रा पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क की समस्या कम होगी और अंतरराष्ट्रीय कार्ड या नकदी पर निर्भरता भी घटेगी.
भुगतान करने की सुविधा
अब तक सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस समेत 10 देशों में यूपीआई शुरू हो चुका है. इससे भारतीय यात्रियों को विदेशों में आसानी से भुगतान करने की सुविधा मिलती है.
इसे भी पढ़ें. ‘आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा’, SCO समिट में शहबाज के सामने गरजे पीएम मोदी