Canada fire News: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक सैन्य अड्डे पर युद्ध अभ्यास के दौरान तेजी से फैली आग की जद में आने से चार सैनिकों की जान चली गई, जबकि 39 घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में 19 की हालत नाजुक है. मेजर जनरल वेड रटलैंड ने बताया कि सैन्य अधिकारियों को आग लगने की जानकारी कई घंटे पहले ही मिल गई थी. हालांकि, उन्हें लगा कि आग पर पर्याप्त हद तक काबू पा लिया गया है. इसलिए अभ्यास जारी रखा जा सकता है, लेकिन अचानक हवा का रुख बदलने से आग तेजी से सैनिकों की ओर बढ़ने लगी.
तेजी से फैली आग
रटलैंड ने एडमंटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”हवा का रुख बदलने से पहले आग एक किलोमीटर दूर थी. आग का 36 सेकेंड में एक किलोमीटर तक फैलना सामान्य बात नहीं है.” उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद एक कमांडर के मुताबिक, सैनिकों को पहले कहीं आग दिखाई नहीं दे रही थी, लेकिन एक मिनट से भी कम समय में आग उनके ठीक सामने थी और वे लपटों में घिर गए. शनिवार को आग उस समय लगी, जब ‘प्रिंसेस पेट्रीसियास कनैडियन लाइट इन्फैंट्री’ की तीसरी बटालियन की चार्ली कंपनी के सैनिक अत्यधिक गहन युद्ध अभ्यास कर रहे थे. करीब 84 सैनिकों को दो समूहों में बांटा गया था.
एक समूह ग्रेनेड चलाने के अभ्यास वाले क्षेत्र में था, जबकि दूसरा दुश्मन के काल्पनिक ठिकानों पर हमले का अभ्यास कर रहा था. आग दूसरे अभ्यास क्षेत्र में फैली. रटलैंड ने कहा कि जांचकर्ता अभी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि घास में आग किस वजह से लगी. उन्होंने बताया कि बटालियन संकटों से निपटने के लिए तत्काल तैनाती की तैयारी कर रही थी.
19 घायलों की हालत नाजुक
इसके अलावा अगले वसंत में लातविया में तैनात कनाडाई सैनिकों की मदद के लिए भी मिशन की तैयारी की जा रही थी. अल्बर्टा प्रांत प्रमुख डेनियल स्मिथ ने बताया कि 39 लोगों का इलाज किया जा रहा है. एक्यूट केयर अल्बर्टा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सायह जेल्के ने कहा कि 19 की हालत गंभीर है, आठ की हालत स्थिर है और 12 अन्य को भी सामान्य उपचार दिया जा रहा है. स्मिथ ने कहा कि कुछ लोगों को गंभीर रूप से झुलसने के कारण कई सप्ताह या महीनों तक गहन उपचार की जरूरत पड़ सकती है. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस घटना को देश की धरती पर शांतिकाल में सेना के साथ हुई सबसे गंभीर त्रासदियों में से एक बताया.
राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का आदेश
उन्होंने देशभर में संघीय सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का आदेश दिया. कार्नी ने कहा कि मृतक सैनिकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी गई है. प्रभावित लोगों में नियमित सैन्य बलों के जवानों के अलावा रिजर्व सैनिक और कनाडा के विभिन्न सैन्य अड्डों पर तैनात जवान भी शामिल हैं. अल्बर्टा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि घायलों को वेनराइट से चार अस्पतालों में भेजा गया.