नालंदा: बिहार से से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा आज सुबह नालंदा में हुआ. एक हाई स्पीड कार डिवाइडर से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार में सवार तीन चचेरे भाइयों की जहां दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह नालंदा में एकंगरसराय-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के पास एक तेज रफ्तार कार पुल के डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. इस हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल भेजवाया.
इस रूप में हुई मृतकों और घायल की पहचान
मृतकों की पहचान सोनू कुमार (21 वर्ष), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों चचेरे भाई थे, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज (19 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया.
तिलक समारोह से लौट रहे थे कार सवार
परिजनों के मुताबिक, सभी युवक मसौढ़ी में एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर कार से लौट रहे थे. वे एकंगरसराय के भातु बीघा गांव से अपने घर टेनी बीघा जा रहे थे. इसी दौरान कठार पुल के पास सामने से आ रही गाड़ी ने चकमा दे दिया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई.
पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना की जांच की जा रही है.