राजगढ़ में हादसाः निर्माणाधीन कुआं धंसा, मलबे में दबीं सास-बहू, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Rajgarh Well Collapse: भोपाल से बड़ी खबर सामने आई है. बुधवार को यहां राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र में बड़ा हादसा हो या. एक निर्माणाधीन कुआं धंस गया. 50 फीट गहरे कुएं में काम कर रही सास-बहू अचानक मिट्टी धंसने से मलबे के नीचे दब गईं. घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

मिट्टी और पत्थर हटाने के लिए कुएं में उतरी थीं सास-बहू

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बामनगांव में एक जनपद सदस्य के खेत में नए कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था. बुधवार की दोपहर जनपद सदस्य की मां रूपाबाई (60 वर्ष) और पत्नी पिंकीबाई (30 वर्ष) कुएं के भीतर जमा मिट्टी और पत्थर हटाने के लिए उतरी थीं. इसी बीच अचानक कुएं की ऊपरी कच्ची मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई, जिससे दोनों मलबे में दब गई.

बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीण

हादसे के बाद परिवार के साथ ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीण पहले तो अपने स्तर पर महिलाओं को निकालने का प्रयास किया. हालांकि, भारी मात्रा में गिरी मिट्टी की वजह से राहत कार्य आसान नहीं था. इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

कुछ ही देर बाद एसडीएम अंकिता जैन, पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. राहत एवं बचाव कार्य के लिए तीन जेसीबी मशीनें लगाई गईं, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर पोकलेन मशीन भी मंगवाई गई है. प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को युद्धस्तर पर जारी रखा है.

रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं लोगों की निगाहे

बताया जा रहा है कि हाल ही में खुदाई होने के कारण कुएं की दीवारों के आसपास की मिट्टी पूरी तरह मजबूत नहीं हो पाई थी. इसी कारण मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और दोनों महिलाएं उसकी जद में आ गईं. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और सभी की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं.

एसडीएम अंकिता जैन ने बताया

इस संबंध में एसडीएम खिलचीपुर अंकिता जैन ने बताया कि सास-बहू कुआं से पत्थर निकालने के लिए नीचे उतरी थीं. उसी दौरान अचानक कुआ धंस गया, जिससे दोनों मलबे में दब गई. रेस्क्यू अभियान जारी है.

Latest News

चीनी सरकार ने जारी किया वैश्विक शासन पर श्वेत पत्र, कहा- मानवता के साझा हितों और कल्याण से जुड़ा विषय

China: चीनी राज्य परिषद सूचना कार्यालय ने वैश्विक शासन पर एक श्वेत पत्र जारी किया. "अधिक न्यायपूर्ण और समान...

More Articles Like This

Exit mobile version