Suratgarh Accident: राजस्थान से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा सूरतगढ़ में रविवार नेशनल हाईवे-62 पर हुआ. एक प्राइवेट एम्बुलेंस आर्मी ट्रक से टकरा गई. इस दुर्घटना में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
यह दुर्घटना 22 LGW गांव के पास तब हुआ, जब एम्बुलेंस कथित तौर पर सेना के ट्रक से टकरा गई. घटना की जानकारी होने पर सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायलों को सूरतगढ़ ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान श्रीगंगानगर जिले के हिंदूमालकोट इलाके के चक 5बी गांव के निवासियों के रूप में हुई है. शव को कब्जे में लेकर सूरतगढ़ सब-डिविजनल हॉस्पिटल की मोर्चरी भेज दिया गया है. शुरुआती जांच से पता चलता है कि एम्बुलेंस चालक को शायद झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई.