तमिलनाडु में हादसाः ट्रेन से टकराई रेलवे ट्रैक पार कर रही स्कूल की बस, तीन मासूमों की मौत, कई घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

चेन्नईः तमिलनाडु से दुखद खबर सामने आई है. आज सुबह कडलूर जिले के चेम्मनकुप्पम इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया. बिना फाटक वाली रेलवे क्रासिंग पर स्कूल बस की तेज रफ्तार ट्रेन से टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की जहां मौत हो गई, वहीं बस चालक सहित कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में ले जाया गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

बस में टक्कर मारते हुए 50 मीटर तक ले गई ट्रेन

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह कडलूर जिले के चेम्मनकुप्पम इलाके में बच्चों से भरी स्कूल बस का चालक बिना फाटक के रेलवे क्रासिंग को पार करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान चिदंबरम जा रही एक पैसेंजर ट्रेन ने वैन को टक्कर मारते हुए उसे करीब 50 मीटर तक घसीट लिया.

हादसे के बाद बच्चों में मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी होते ही लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े. पुलिस को सूचना देने के बाद लोग बस में फंसे बच्चों को निकालने में जुट गई. कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.

कई बच्चों की हालत नाजुक

इस हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि बस चालक सहित दस बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को कडलूर के सरकारी अस्पताल ले भेजवाया. मृतक बच्चों के नाम अभी सामने नहीं आए है. कई बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है. डाक्टरों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

वैन चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

स्थानीय लोगों और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा बस चालक की लापरवाही की वजह से हुआ. बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रेन को देखने के बावजूद जल्दबाजी में ट्रैक पार करने की कोशिश की. रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और जिला प्रशासन ने हादसे की तहकीकात शुरू कर दी है, ताकि इसकी असल वजह का पता लगाया जा सके और जिम्मेदारों को सजा दी जाए.

हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश

इस हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है. लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जाहिर की. लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास बिना फाटक वाले क्रॉसिंग खतरनाक हैं और इन्हें तुरंत ठीक करना चाहिए. गुस्साए लोगों ने रेलवे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और स्कूलों के पास सुरक्षा बढ़ाने की मांग की. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के नतीजों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे. इस हादसे की जांच की जा रही है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version