वियतनाम में हादसा: हनोई में चार मंजिला इमारत में धधकी आग, पांच लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Hanoi House Fire: वियतनाम से भीषण हादसे की खबर सामने आई है. यहां मंगलवार की देर रात राजधानी हनोई में एक मकान में भयंकर आग लग गई. ये हादसा रिहायशी इलाके में चार मंजिला मकान में हुआ. आग की इस दुर्घटना में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.

हनोई पुलिस ने बताया

अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर हनोई पुलिस ने बताया कि आग पर सुबह करीब 2:30 बजे (मंगलवार 1930 GMT) काबू पा लिया गया और 15 मिनट बाद उसे पूरी तरह बुझा दिया गया.

हनोई के बीचों-बीच वान काओ स्ट्रीट के पास एक तंग गली में स्थित इस मकान में चार मंजिलें थीं और हर मंजिल का एरिया लगभग 60 वर्ग मीटर था.

स्थानीय निवासियों ने रात करीब 1:50 बजे आग देखी और अलार्म बजाया. स्थानीय लोगों ने मौजूद उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायरकर्मी

आग लगने की घटना की जानकारी हनोई पुलिस कमांड सूचना केंद्र को सुबह 2:06 बजे दी गई, जिसके बाद एक कमांड वाहन, पांच अग्निशमन इंजन और लगभग 40 अधिकारियों और अग्निशामकों को घटनास्थल पर भेजा गया.

चार लोग बाहर निकलने में रहे सफल 

पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मियों के पहुंचने तक चार लोग बाहर निकलने में सफल हो गए थे. वहीं पांच लोग, जो घर से बाहर नहीं आ पाए, उनकी इस हादसे में जान चली गई. पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.

More Articles Like This

Exit mobile version