Ajmer Bus Accident: राजस्थान से बड़ी खबर सामने आई है. यहां रविवार को अजमेर में भीषण सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक बस पुष्कर घाटी में अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में जहां एक बच्चे की मौत हो गई, वहीं कई यात्री घायल हो गए हैं. पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बस में सवार थे 31 यात्री
मिली जानकारी के मुताबिक, बस में कुल 31 यात्री सवार थे, जो पुष्कर से पीसांगन में मायरा भरने के लिए पुष्कर की ओर जा रहे थे. हादसा पुष्कर से करीब तीन किलोमीटर पहले, सांझी की छत के आगे घाटी क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक बस चालक का नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में गिर गई.
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई. जिसे भी दुर्घटना की जानकारी हुई, वह मौके की तरफ दौड़ पड़ा. पुलिस को सूचना देने के बाद लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए.
पांच लोगों की हालत गंभीर
कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया गया है कि पांच लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
दुर्घटना की वजह से मार्ग पर लगा जाम
इस हादसे की वजह से पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने में जुटी रही. प्रशासन के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.