माउंटेनएयर: अमेरिका हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां न्यू मैक्सिको राज्य में एक रहस्यमयी पदार्थ के संपर्क में आने की वजह से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई. संदिग्ध ड्रग ओवरडोज की सूचना पर एक घर में पहुंचे राहत और बचाव कर्मियों सहित कई लोगों की तबीयत खराब हो गई. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स’ को अस्पताल में भर्ती कर जांच और डी-कंटैमिनेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. न्यू मैक्सिको स्टेट पुलिस के अनुसार, अल्बुकर्क शहर के पूर्व में स्थित ग्रामीण इलाके माउंटेनएयर के एक घर में चार लोग बेहोशी की हालत में मिले थे.
अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आकर कई राहतकर्मी भी बीमार
पुलिस ने अनुसार, इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति का इलाज अल्बुकर्क के अस्पताल में चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंचे कई राहतकर्मी भी किसी अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आ गए, जिसके बाद उनमें मतली, चक्कर और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे. यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आए कुल 23 लोगों की जांच की गई और उन्हें डी-कंटैमिनेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. इनमें अधिकतर फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स थे, जिन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल लाया गया था.
अज्ञात पदार्थ की पहचान करने में जुटी हाजमैट की टीम
अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश लोगों में गंभीर लक्षण नहीं पाए गए और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई. हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने कहा कि बुधवार शाम तक तीन मरीजों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी. वहीं न्यू मैक्सिको स्टेट पुलिस के अधिकारी विल्सन सिल्वर ने बताया कि दो राहतकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद अल्बुकर्क फायर रेस्क्यू की हाजमैट टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम उस अज्ञात पदार्थ की पहचान करने में जुटी है, जिसके कारण यह स्थिति पैदा हुई.
घर तक जाने वाली कच्ची सड़क को पुलिस ने बंद किया
अधिकारी विल्सन सिल्वर ने बताया कि शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह पदार्थ संपर्क में आने से फैल सकता है और फिलहाल इसे हवा के जरिए फैलने वाला नहीं माना जा रहा है. घटनास्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने घर तक जाने वाली कच्ची सड़क को बंद कर दिया है और इलाके को पीली चेतावनी टेप से घेर दिया गया है. माउंटेनएयर के मेयर पीटर नीतो ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि शुरुआती संकेत ड्रग्स को इस घटना की संभावित वजह बता रहे हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि आम जनता के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं है.

