Car Catches Fire In Badaun: बदायूं से दुखद खबर सामने आई है. यहां एक कार आग का गोला बन गई. इस घटना में पति के सामने ही पत्नी जिंदा जल गई, जबकि पति झुलस गया. यह दुर्घटना उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात हुई. सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया.
अस्पताल से पत्नी को लेकर घर लौट रहे थे अर्पित
जानकारी के अनुसार उसहैत निवासी अर्पित भारद्वाज अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज को लखनऊ के एक निजी अस्पताल से छुट्टी कराकर देर रात घर वापस लौट रहे थे. रात करीब 1:30 बजे उनकी कार उसहैत थाना के ग्राम रहौटा के पास कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी जद में ले लिया.
कार के पीछे की सीट पर सो रही थी प्रिया
स्थिति को भांपते हुए अर्पित ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और किसी तरह खुद बाहर निकल आए. अर्पित के अनुसार, उन्होंने पीछे की सीट पर सो रही पत्नी प्रिया को बाहर निकालने की बहोत कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी. आग की तेज लपटों और धुएं के कारण वह कार के अंदर तक नहीं पहुंच सके और उनकी आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जल गई.
पत्नी को बचाने में पति झुलसा
पत्नी को बचाने के प्रयास में अर्पित के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गया. बताया गया है कि घटना के बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो अर्पित अचेत अवस्था में पड़े मिले.
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना पर उसहैत थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. अर्पित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
तीन वर्ष पूर्व हुई थी अर्पित और प्रिया की शादी
बताया गया है कि अर्पित और प्रिया की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी एक वर्ष की मासूम बच्ची है, जो घटना के समय अपने दादा-दादी के पास उसहैत में ही थी. इस घटना से गांववासी दुखी हैं. फिलहाल, कार में आग किस वजह से लगी, पुलिस इसकी जांच कर रही है.

