Bareilly Encounter: यूपी के बरेली से एनकाउंटर की खबर सामने आई है. यहां पुलिस की शातिर बदमाश से मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश को ढेर कर दिया. जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. मारा गया बदमाश बरेली में अपनी सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी था.
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थी. मंगलवार को सुबह करीब 6 बजे इज्जतनगर इलाके में पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की गई. इस पर आरोपी अफसर खां ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी को लगी पुलिस की गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी, उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. आरोपी के पास से एक पिस्टल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है. मुठभेड़ स्थल से दस खोखे बरामद हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर भारी फायरिंग की है. इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. उनका इलाज जिला अस्पताल चल रहा है.
अफसर ने किया था सास और साले का कत्ल
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में पारिवारिक विवाद को निपटाने के लिए चल रही पंचायत के दौरान अफसर खां (38 वर्ष) ने सोमवार को अपनी सास आसमां (50 वर्ष), साले आदिल (22) और पत्नी सायमा (30 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया था. इस हमले में आसमां और आदिल की मौत हो गई, जबकि सायमा की हालत नाजुक है. घटना के बाद खून से सना चाकू लहराते हुए आरोपी हवाई अड्डे की ओर भाग निकला था. आरोपी की तलाश में तीन टीमें लगाई गई थीं. मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को ढेर कर दिया.

