Brazil Tourist Death: ब्राजील से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मशहूर टूरिस्ट स्पॉट पर फोटो खिंचवाने के तत्काल बाद एक 44 वर्षीय व्यक्ति असंतुलित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान कायो रोचा एगुइयार अराबल के रूप में हुई है. यह घटना रियो डी जेनेरियो के पास मारिका में मौजूद ‘पेड्रा दो माकाको’ ट्रेक पर हुई.
वीडियो में कैद हुई घटना
जानकारी के अनुसार, कायो पहाड़ी की चोटी पर एक ऐसी चट्टान पर चढ़कर फोटो खिंचवा रहे थे, जहां से नीचे की झीलों का खूबसूरत नजारा दिखता है. यह जगह बेहद खतरनाक मानी जाती है, फिर भी लोग यहां आकर तस्वीरें खिंचवाते हैं.
चश्मदीदों ने बताया कि कायो ने जैसे ही फोटो खिंचवाना खत्म किया और नीचे उतरने की कोशिश की, तभी उनका पैर फिसल गया. उनके साथ मौजूद एक साथी ट्रेकर इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था. वीडियो में वह कायो को ध्यान से, संभलकर रहने की चेतावनी देता सुनाई दे रहा है, लेकिन अगले ही पल कायो का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए. वीडियो में गवाह की चीखें भी रिकॉर्ड हुई हैं.
बिना लाइसेंस कर रहे थे गाइड का काम
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कायो उस दिन ट्रेकर्स के एक ग्रुप के लिए गाइड का काम कर रहे थे, जबकि उनके पास इसका कोई कानूनी लाइसेंस नहीं था. जांच अधिकारियों का मानना है कि फोटो खिंचवाने के बाद वे चट्टान के उस हिस्से से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे थे, जो बहुत ज्यादा सीधा और ढलान वाला था. गलत रास्ते से उतरने के कारण ही उनका संतुलन बिगड़ा.
काफी प्रयास के बाद निकाला गया शव
हादसे की जानकारी होते ही मारिका सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. इलाका काफी ऊबड़-खाबड़ था और वहां घने जंगल थे, जिस वजह से रेस्क्यू टीम को कायो के शव तक पहुंचने में चार घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
बचाव दल के अधिकारी मथियस मौरा ने बताया कि शव तक पहुंचने के लिए हमें घने जंगलों और बेहद दुर्गम रास्तों से होकर जाना पड़ा. हमें रस्सियों के सहारे चढ़ाई करनी पड़ी और काफी प्रक्रियाओं के बाद हम वहां पहुंच पाए. इसके बाद आखिरकार हेलिकॉप्टर की मदद से शव को बाहर निकाला गया.

