सऊदी और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्षः रियाद सहित कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन हमले, आठ की मौत

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Yemen Conflict: यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब के कई शहरों में मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया. इसके जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों पर भीषण हवाई हमले किए. इन हमलों में कई लोगों के हताहत होने की खबर है.

बयान जारी कर हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने कहा कि संगठन ने शनिवार को सात मिसाइल और ड्रोन हमले किए. इनका निशाना सऊदी अरब के रियाद, यानबू, रबीग, दम्माम, नजरान और खमीस मुशैत शहरों में स्थित एयरपोर्ट, तेल प्रतिष्ठान और एक सैन्य अड्डा थे.  सरिया के अनुसार, रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को दो चरणों में निशाना बनाया गया. इसके अलावा यानबू में सऊदी अरामको के प्रतिष्ठानों और दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमले किए गए.

कई मिसाइलें मार गिराने का किया दावा

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद, ताइफ और यानबू शहरों की तरफ दागी गई कई मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया. इसके अलावा पूर्वी प्रांत में एक ड्रोन को भी मार गिराया गया. सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने बताया कि रोकी गई दो मिसाइलों का मलबा मक्का और मदीना क्षेत्रों में गिरा. इसके बाद हूती संगठन ने इन दोनों पवित्र शहरों को निशाना बनाने के आरोपों से इनकार किया. संगठन ने इन दावों को “झूठा और बेबुनियाद” बताया.

हूती संगठन ने दावा किया कि शनिवार को किए गए हमले यमन में उसके नियंत्रण वाले इलाकों पर पिछले 24 घंटे में हुए करीब 100 सऊदी हवाई हमलों के जवाब में किए गए. संगठन के अनुसार, इन हमलों में यमन की राजधानी सना और दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत के लाल सागर स्थित बंदरगाह शहर मोखा को भी निशाना बनाया गया.

हूती लड़ाकों के नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी ने हवाई हमलों में कई लोगों के हताहत होने की खबर दी. रिपोर्ट के अनुसार, सना प्रांत के हमदान जिले में सीमेंट फैक्टरी के कर्मचारियों के आवास पर हवाई हमला हुआ. इसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए.

ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार की सेनाओं ने सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन से हूती लड़ाकों के खिलाफ अपना सैन्य अभियान तेज कर दिया है. इस अभियान को ‘डॉन ऑफ यमन’ नाम दिया गया है. इसके जवाब में हूती संगठन मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है.

एक अलग बयान में सरिया ने दावा किया कि हूती बलों ने दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में अल-नस्र शिविर और एक नौसैनिक सैन्य अड्डे पर सऊदी समर्थित सैन्य जमावड़े को निशाना बनाया. अदन में यमन की सरकार का मुख्यालय है.

एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों के पास हमले

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, एक स्थानीय सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने अदन शहर की ओर करीब चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. इनमें से कुछ अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और खोरमक्सर जिले में स्थित प्रमुख सैन्य ठिकानों के पास गिरीं.  अधिकारी के मुताबिक, एक अन्य मिसाइल अल-तवाही जिले में तटरक्षक बल के मुख्यालय पर गिरी.

Latest News

26 October 2026 Ka Panchang: सोमवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

26 October 2026 Ka Panchang: 26 अक्टूबर, सोमवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि सुबह 9 बजकर 42...

More Articles Like This