Cyber Fraud Network: डिजिटल ठगी के खिलाफ चीन का सख्त कदम, म्यांमार स्कैम गिरोह के 4 दोषियों को फांसी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Cyber Fraud Network: डिजिटल ठगी को लेकर चीन ने बड़ी कार्रवाई की है. चीन ने म्यांमार में सक्रिय एक बड़े स्कैम नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि चीन ने चार लोगों को फांसी दे दी. इन लोगों को छह चीनी नागरिकों की हत्या और चार अरब डॉलर से ज्यादा का धोखाधड़ी और जुए का काला कारोबार चलाने का दोषी पाया गया था.

आधिकारिक बयान में कोर्ट ने  दी जानकारी

दक्षिण चीन की शेनझेन इंटरमीडिएट पीपल्स कोर्ट ने सोमवार की सुबह एक आधिकारिक बयान में फांसी की घोषणा की. हालांकि, बयान में यह नहीं बताया गया कि उन्हें फांसी कब दी गई. इससे पहले पिछले हफ्ते भी म्यांमार में स्कैम सेंटर चलाने के 11 अन्य लोगों को फांसी देने का ऐलान हुआ था.

पहले भी हुई है कार्रवाई

शेनझेन कोर्ट ने पिछले साल नवंबर में पांच लोगों को मौत की सजा सुनाई थी. इनमें कुख्यात बाई परिवार के सदस्य भी शामिल थे. यह परिवार स्कैम सेंटर और कसीनो का एक बड़ा नेटवर्क चलाने के लिए जाना जाता था. कोर्ट ने कहा, आरोपियों में से एक ग्रुप लीडर बाई सुओचेंग की सजा के बाद बीमारी से मौत हो गई थी.

गिरोह पर कई गंभीर आरोप

इस गिरोह ने चीन की सीमा से सटे म्यांमार के कोकांग क्षेत्र में बड़े इंडस्ट्रियल पार्क बनाए थे. इन पार्कों से वे जुआ और टेलीकॉम स्कैम का धंधा करने का आरोप था. इन पर अपहरण, जबरन वसूली और ड्रग्स बनाने जैसे गंभीर आरोप भी थे. कोर्ट के अनुसार, इन्होंने पीड़ितों से 29 अरब युआन की ठगी की. इनके अपराधों की वजह से छह चीनी नागरिकों की जान गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए.

कोर्ट ने अपने बयान में कहा कि इन लोगों के अपराध बहुत जघन्य थे. इनके कामों से समाज को बड़ा खतरा पैदा हुआ था. आरोपियों ने पहले इस फैसले के खिलाफ अपील की थी, लेकिन हाई कोर्ट ने उनकी दलीलें खारिज कर दीं.

अपराधियों पर कसा जा रहा शिकंजा

ह कार्रवाई दक्षिण-पूर्व एशिया में चल रहे स्कैम ऑपरेशंस पर चीन की कार्रवाई का हिस्सा है. म्यांमार, कंबोडिया और लाओस जैसे देशों में स्कैम पार्क अब एक बड़े उद्योग का रूप ले चुके हैं. यहां तस्करी कर लाए गए मजदूरों से दुनिया भर के लोगों के साथ डिजिटल ठगी कराई जाती है. अब अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ने के बाद इन अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है.

Latest News

Nita Ambani: फॉर्च्यून इंडिया की ‘Most Powerful Women 2026’ बनीं नीता अंबानी

Nita Ambani: फॉर्च्यून इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में अपना प्रतिष्ठित 'Most Powerful Women (MPW)...

More Articles Like This

Exit mobile version