दिल्लीः रसोई गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच की छापेमारी में 459 LPG सिलिंडर बरामद

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

नई दिल्ली: रसोई गैस सिलिंडर के किल्लत के बीच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में एलपीजी सिलिंडरों के अवैध स्टोरेज और कालाबाजारी के खेल का खुलासा किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 459 खाली एलपीजी सिलिंडर बरामद किए, जिनमें 284 इंडेन और 175 भारत पेट्रोलियम के सिलिंडर शामिल हैं.

क्राइम ब्रांच को मिली थी गुप्त सूचना

बताया गया है कि क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि रणहोला क्षेत्र में बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर अवैध रूप से स्टोर किए जा रहे हैं. इस पर इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में टीम ने निलोठी रोड स्थित एचपी बालाजी गैस एजेंसी पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान एजेंसी के मालिक सुशील कुमार सिंघल मौके पर मौजूद मिला, जो सिलिंडरों का अवैध स्टोरेज करने में शामिल था.

गैस एजेंसियों को सुपुर्द किए गए बरामद सिलिंडर

मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी जग प्रवेश (एफएसओ) को मौके पर बुलाया गया. उन्होंने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की. बरामद सभी सिलिंडरों को प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स एरिया मैनेजर संजय कुमार मेहता को सुपुर्द कर दिया गया.

इस मामले में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

धांधली कर रहा था गैस एजेंसी मालिक 

जांच में सामने आया है कि आरोपित, जो गैस एजेंसी का मालिक है, अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में सिलिंडर जमा कर रहा था. आरोप है कि वह इन सिलिंडरों को सामान्य वितरण से रोककर खुले बाजार में ज्यादा कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था, जिससे कृत्रिम कमी पैदा कर अवैध मुनाफा कमाया जा सके.

दिल्ली पुलिस का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को जरूरी संसाधन तय कीमतों पर मिल सकें.

Latest News

देश में हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं की उपेक्षा करना उचित नहीं: डॉ दिनेश शर्मा

लखनऊ/पुणे: राज्य सभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में क्षेत्रीय भाषाओं की...

More Articles Like This

Exit mobile version