Hardoi: झोपड़ी पर पलटा ट्रक, एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Hardoi News: यूपी के हरदोई भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है. मंगलवार की देर रात मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव मार्ग पर बालू भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झोपड़ी पर पलट गया. इस हादसे में एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों सहित आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.

जानकारी के अनुसार, मल्लावां कस्बे में उन्नाव मार्ग पर चुंगी नंबर दो के पास सड़क किनारे नट बिरादरी के लोग झोपड़ी बनाकर रहते हैं. बताया जा रहा है कि मंगलवार आधी रात के बाद कानपुर से हरदोई जा रहा बालू भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे अवधेश उर्फ बल्ला की झोपड़ी पर पलट गया.

ट्रक को सीधा करा पुलिस ने निकाला अंदर दबे लोगों को
झोपड़ी में सो रहे आठ लोग ट्रक के नीचे दब गए. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से ट्रक सीधा करने के बाद बालू हटवाया, लेकिन तब तक अवधेश उर्फ बल्ला (45 वर्ष), उसकी पत्नी सुधा उर्फ मुंडी (42), पुत्री सुनैना (11) , लल्ला (5), बुद्धू (4), हीरो (22) उसका पति बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कासुपेट निवासी करन (25) उसकी पुत्री कोमल उर्फ बिहारी (5 वर्ष) की मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने चालक और हेल्पर को लिया हिरासत में
अवधेश की एक पुत्री बिट्टू गंभीर रूप से घायल है. उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने ट्रक चालक बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के छिबरामऊ निवासी अवधेश और हेल्पर शहर कोतवाली क्षेत्र के अनंग बेहटा निवासी रोहित को हिरासत में ले लिया है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Latest News

08 August 2026 Ka Panchang: शनिवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

8 अगस्त 2026, शनिवार को श्रावण कृष्ण दशमी, रोहिणी व्रत, रोहिणी नक्षत्र और ध्रुव योग का विशेष संयोग बन रहा है. जानिए आज का शुभ मुहूर्त, राहुकाल, सूर्योदय-सूर्यास्त और पूरा पंचांग.

More Articles Like This

Exit mobile version