Rising tension in Hormuz: पश्चिम एशिया की आग अब समंदर की गहराइयों तक पहुंच चुकी है. इसकी वजह है कि हॉर्मूज जलडमरूमध्य में जारी हमले, जिसके चलते यह संघर्ष और भयावह होता जा रहा है. आएदिन हमले के खबरें आ रही है.
इस तनाव के बीच होर्मुज से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि होर्मुज में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग मिसाइल और प्रोजेक्टाइल हमलों में दो बड़े जहाज समंदर में डूब गए. इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और वैश्विक व्यापार जगत में हड़कंप मचा हुआ है.
मैरीटाइम सिक्योरिटी सोर्सेज के अनुसार, सिंगापुर के झंडे वाला कंटेनर शिप ‘GFS Pride’ हॉर्मूज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ. हमले के बाद जहाज में भयंकर आग लग गई और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डूब गया.
संयोग अच्छा रहा कि इस जहाज पर सवार सभी 21 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. सिंगापुर मैरीटाइम अथॉरिटी (MPA) ने व्यावसायिक जहाजों पर हो रहे इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें ‘अचानक, अनुचित और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन’ बताया है.
वहीं, एक अन्य घटना में एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाला ड्राई बल्क कैरियर ‘Cape Dao’ भी हॉर्मूज जलडमरूमध्य के पास डूब गया. 23 सितंबर को इस जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था, जिसके हफ्तों बाद आखिरकार यह डूब गया.
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के आंकड़ों के अनुसार, इस हमले में एक क्रू मेंबर की मौत हो गई थी, जबकि बाकी बचे सदस्यों को घटना के तुरंत बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था. IMO के मुताबिक, जब से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू हुआ है, तब से ये दोनों जहाज डूबने वाले दूसरे और तीसरे व्यावसायिक पोत हैं.