Rajasthan Honeymoon Murder: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वारदात की तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है और इसे भी ‘हनीमून मर्डर’ बताया जा रहा है.
आरोप है कि शादी के महज तीन महीने बाद एक महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या करवा दी और वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की. हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस साजिश का खुलासा कर दिया. मामले में मृतक आशीष की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

30 जनवरी की है घटना
यह घटना 30 जनवरी की शाम की है. श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में अनूपगढ़ मार्ग पर आशीष अपनी पत्नी के साथ टहलने निकला था. इसी दौरान एक वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी. हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंजू के सोने के गहने लूट लिए गए और उसे बेहोशी की हालत में सड़क पर छोड़ दिया गया.
राजा रघुवंशी जैसा कांड
शुरुआत में यह घटना हिट एंड रन का मामला लग रही थी, लेकिन बाद में इसने नया मोड़ ले लिया. पुलिस को मेघालय में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद आ गई, जिसमें हनीमून के दौरान पत्नी सोनम ने हत्या करवाई थी.
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंजू ने अपने प्रेमी संजू और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर आशीष की हत्या की साजिश रची थी और इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई. इस सनसनीखेज मामले को अब राजस्थान का हनीमून मर्डर कहा जा रहा है.
पुलिस क्या बोली
श्रीगंगानगर की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने बताया कि पुलिस को 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि एक दंपति सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सर्वे किया गया. तकनीकी जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ क्योंकि जमीनी हकीकत और अंजू के बयान के बीच कई विसंगतियां नजर आईं.

प्रेमी से संपर्क में थी अंजू
पुलिस सूत्रों के अनुसार अंजू के फोन रिकॉर्ड से पता चला कि वह संजू नाम के एक व्यक्ति के साथ लगातार संपर्क में थी, जो उसके घर के पास ही रहता था. 30 जनवरी की रात अंजू आशीष को एक सुनसान सड़क पर ले गई. पुलिस के मुताबिक वहां पहले से ही तीनों आरोपी झाड़ियों में छिपे हुए थे, जिनमें अंजू का प्रेमी संजू और उसके साथी रॉकी, जिसे रोहित के नाम से भी जाना जाता है, तथा बादल उर्फ सिद्धार्थ शामिल थे.
ऐसे हुआ खुलासा
तीनों ने मिलकर आशीष पर बेरहमी से हमला किया और उसका गला घोंट दिया, फिर इसे सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई. इस दौरान अंजू ने आरोपियों को अपना फोन और झुमके दे दिए ताकि लूटपाट की कहानी बनाई जा सके. हमले के बाद उसने बेहोश होने का नाटक किया, लेकिन आशीष के शरीर पर मिले चोट के निशानों से साजिश का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
एनडीटीबी की रिपोर्ट के मुताबिक अंजू और आशीष की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही अंजू अपने गृहनगर लौट गई, जहां उसका अपने पूर्व प्रेमी संजू से दोबारा संपर्क हो गया. बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों ने आशीष की हत्या की साजिश रची थी.
यह भी पढ़े: FY26 के पहले नौ महीनों में 42.65 मिलियन टन रहा NMDC का लौह अयस्क का उत्पादन

