NMDC Production Growth: देश की सबसे बड़ी सरकारी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी ने वित्त वर्ष 26 के पहले नौ महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है. इस अवधि में कंपनी का उत्पादन सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 42.65 मिलियन टन पहुंच गया है. यह जानकारी इस्पात मंत्रालय ने बुधवार को साझा की. मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 26 के अप्रैल से दिसंबर के बीच एनएमडीसी की बिक्री 39.73 मिलियन टन रही, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 9.7 प्रतिशत अधिक है. कंपनी ने जनवरी में अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन और बिक्री दर्ज की है, जिससे इसकी परिचालन गति और मजबूत हुई है.
जनवरी में रिकॉर्ड उत्पादन और बिक्री
पिछले महीने एनएमडीसी ने 5.56 मिलियन टन लौह अयस्क का उत्पादन किया, जबकि 4.79 मिलियन टन की बिक्री दर्ज की गई. ये आंकड़े पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में उत्पादन में 9 प्रतिशत और बिक्री में 7 प्रतिशत की मजबूत वार्षिक बढ़ोतरी को दर्शाते हैं. मंत्रालय ने बताया कि वित्तीय मोर्चे पर एनएमडीसी ने स्थापना के बाद से वित्त वर्ष 2026 के प्रथम नौ माह में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. इस दौरान कंपनी के राजस्व में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 20,381 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. वहीं पीबीटी में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह 7,280 करोड़ रुपए तक पहुंच गया.
PAT और EBITDA में भी इजाफा
पीएटी में 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 5,401 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. वहीं ईबीआईटीडीए बढ़कर 7,666 करोड़ रुपए हो गया, जो 5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है. मंत्रालय के मुताबिक अब तक के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े हासिल करते हुए एनएमडीसी अपने वार्षिक लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है. जनवरी में कंपनी की पहली कोयला खदान झारखंड स्थित टोकीसुद नॉर्थ कोयला खदान का उद्घाटन भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो एनएमडीसी के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण सफलता है. इस्पात मंत्रालय के अनुसार यह प्रदर्शन एनएमडीसी के रणनीतिक फोकस, मजबूत प्रचालन क्षमता और दीर्घकालिक सोच को दर्शाता है.
जिम्मेदार खनन और सतत विकास पर जोर
कंपनी अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के साथ-साथ क्षमताओं को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है. साथ ही जिम्मेदार खनन और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखते हुए एनएमडीसी भारत के खनन क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत कर रही है.
यह भी पढ़े: Highway Development: 5 साल में 57,125 किमी NH बने, नितिन गडकरी का संसद में बड़ा बयान

