Israel-Hezbollah War: लेबनान में इज़रायल ने किए हवाई हमले, हिज़बुल्लाह का कमांडर ढेर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Israel-Hezbollah War: लेबनान के मजरात जेमजेम क्षेत्र में इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के एक कमांडर को मार गिराया है. इज़रायली रक्षा बलों (IDF) ने बताया कि शनिवार को एक हवाई हमले में हिज़बुल्लाह के शकीफ क्षेत्र का एक वरिष्ठ कमांडर मारा गया. यह कमांडर कथित रूप से क्षेत्र में हिज़बुल्लाह के आतंकवादी ढांचे की पुनःस्थापना में सक्रिय रूप से शामिल था. इज़रायली सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई आज सुबह की गई, जिसका लक्ष्य उन तत्वों को समाप्त करना था, जो दक्षिण लेबनान में आतंकी गतिविधियों को दोबारा स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं.

अपने बयान में आईडीएफ ने कहा, “शकीफ क्षेत्र से जुड़े एक वरिष्ठ हिज़बुल्लाह कमांडर को मजरात जेमजेम में एक सटीक हमले में मार गिराया गया. यह कमांडर आतंकवादी बुनियादी ढांचे की पुनःस्थापना में संलिप्त था.” इजरायली सेना के लिए यह एक और बड़ी कामयाबी है. इजरायल ने प्रण लिया है कि वह आतंकवाद के फन को फिर से नहीं फैलने देगा.

इज़रायली सेना ने जोर देकर कहा कि आतंकवादी ढांचे का पुनर्निर्माण और उससे संबंधित अभियान जैसी गतिविधियां इज़रायल और लेबनान के बीच हुई आपसी समझौतों का स्पष्ट उल्लंघन हैं. आईडीएफ ने कहा, “आतंकवादी ढांचे का पुनर्निर्माण और संबंधित तिविधियां इज़रायल और लेबनान के बीच बनी समझ की खुली अवहेलना हैं.” इसलिए इजरायल ने यह कार्रवाई की है.

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब इज़रायल और हिज़बुल्लाह के बीच सीमा पर लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है. पिछले कुछ महीनों में दोनों पक्षों के बीच कई बार गोलाबारी और मिसाइल हमले हो चुके हैं. इज़रायल ने हाल ही में लेबनान के दक्षिणी क्षेत्रों में सक्रिय हिज़बोल्लाह ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई हवाई हमले किए हैं. वहीं, हिज़बुल्लाह ने भी इज़रायली सैन्य ठिकानों और सीमावर्ती क्षेत्रों को लक्षित करते हुए कई रॉकेट और ड्रोन हमलों का दावा किया है.

अब तक इस ताज़ा हमले पर हिज़बुल्लाह या लेबनानी सरकार की कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि, क्षेत्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटनाक्रम सीमा पर हिंसा को और भड़का सकता है और इससे इज़रायल-लेबनान संघर्ष के और गहराने की संभावना बढ़ गई है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version