Jammu: जम्मू की केंद्रीय जेल में आतंकी के पास से बरामद हुआ स्मार्टफोन, जांच शुरु

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Jammu: जम्मू के कोट भलवाल स्थित केंद्रीय जेल की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है. जेल के अंदर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. यह स्मार्टफोन चीनी निर्माता कंपनी पोको का है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फोन को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कठुआ के हरिया चक निवासी हबीब पुत्र हज शेरू के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है, उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचा, वे इसकी जांच कर रहे हैं.

हरकत में आई केंद्रीय खुफिया एजेंसियां
उधर, जेल के अंदर से मोबाइल फोन की घटना के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी हरकत में आ गई हैं. एजेंसियों ने अपने स्तर पर इस सुरक्षा उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है. एक अधिकारी ने बताया, ‘हमारी टीमें अधिकारियों के संपर्क में हैं और विस्तृत जांच करेंगी.’

एनआईए ने गिरफ्तार किया था आतंकी को
मालूम हो कि आतंकी हबीब कठुआ के ढल्ली क्षेत्र में सीमा पार से आए ड्रोन से यूबीजीएल और चुंबकीय बमों की बरामदगी से संबंधित मामले में आरोपित है. पिछले वर्ष राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसे गिरफ्तार किया था. मामला शुरू में कठुआ के राजबाग थाने में दर्ज किया गया, जिसे बाद में जनवरी 2022 में एनआईए ने पंजीकृत किया.

एनआईए को जांच में पता चला कि पाकिस्तानी हैंडलर सज्जाद गुल के निर्देश पर आतंकी हबीब कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकवादियों को असलहा पहुंचाता था, जो कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से गिराए जाते थे.

हबीब को अन्य आतंकवादियों मियां सोहेल, फैसल मुनीर, मुनि मोहम्मद, राशिद और लश्कर के आतंकी कमांडर सज्जाद गुल उर्फ शेख सज्जाद उर्फ शेख सज्जाद के साथ आईपीसी की धारा 120बी, 121ए और 122, धारा 16, 17 के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा आरोपित बनाया गया है.

Latest News

Riyadh: श्रीलंका ने सऊदी में हिंदू युवक को फांसी से बचाया, एक दिन पहले पलटी सजा

Riyadh: दो बांग्लादेशी नागरिकों को सऊदी अरब में फांसी दिए जाने के बाद ढाका की राजनयिक भूमिका पर सवाल...

More Articles Like This

Exit mobile version