Kanpur Crime: यूपी के कानपुर से हैरान और दुखी करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक पिता जल्लाद बन गया. दो मासूम जुड़वां बेटियों के खून से अपने हाथ रंग लिए. सूचना पर पहुंची पुलिस कातिल पिता को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.
पिता ने गला रेतकर की रिद्धि-सिद्धि की हत्या
दिल दहला देने वाली यह घटना कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के के-ब्लॉक किदवईनगर इलाके में त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-टू में रविवार तड़के हुई. पिता ने 11 साल की जुड़वा बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी. मूल रूप से बिहार के गया का रहने वाला शशि रंजन मिश्रा त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के भूतल पर बने फ्लैट में पत्नी रेशमा, 11 साल की दो जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और छह साल के बेटे रुद्रव गन्नू के संग रहता था. रिद्धि-सिद्धि घर के सामने बने मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी.
कातिल पिता ने खुद पुलिस को दी घटना की सूचना
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस को रिद्धि और सिद्धि के शव उनके ही कमरे में बेड पर पड़े मिले. परिवार पिछले करीब आठ साल से अपार्टमेंट में लखनऊ निवासी बैंककर्मी विवेक गुप्ता के फ्लैट में किराए पर रह रहा था. डीसीपी के अनुसार, बच्चियों के पिता शशि रंजन मिश्रा ने सुबह करीब साढ़े चार बजे फोन कर घटना की सूचना दी.
आरोपी पिता ने स्वीकार किया अपना अपराध
यह वारदात रात करीब दो से ढाई बजे के बीच की है. आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. मौके से एक स्टील का चापड़ बरामद हुआ है, जिससे हत्या की गई है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. दवाई कंपनी में काम करने वाले शशि रंजन ने 2014 में सिलीगुड़ी कलिमपुर की रहने वाली रेशमा से प्रेम विवाह किया था.
वो कानपुर में ही एक पार्लर में नौकरी करती थी. घटना के वक्त आरोपी पिता और बेटियां दूसरे कमरे में सो रही थी, जबकि सामने वाले कमरे में रेशमा बेटे रुद्रव के साथ सो रही थी. सभी कमरों में सीसीटीवी लगे हैं. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेशमा को जगाया, तो उसे घटना का पता चला. रेशमा के मुताबिक, पति उसे मायके जाने से रोकता था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच में झगड़ा होता था।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
वह कुछ समय पहले नौ माह के लिए मायके गई थी. इस दौरान बेटियां पिता के पास ही रही थी. डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की है. आरोपी पिता हिरासत में है. उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में उससे पूछताछ की जा रही है.

