Dachhan Accident: स्वतंत्रता दिवस के दिन जम्मू-कश्मीर में दुखद घटना हो गई. किश्तवाड़ जिले की दच्छन तहसील में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जा रहे लोगों की स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई. इस हादसे में जहां पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं कई लोग लापता है और उनकी तलाश जारी है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार, पक्कल डूल पावर प्रोजेक्ट की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे टेंडर नाला के पास याइवन इलाके में गहरी खाई में गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई.
पांच लोगों की मौके पर हुई
इस में पांच लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है और उनके शव बरामद किए जा चुके हैं. वहीं, नदी में एक अन्य शव दिखाई देने की भी जानकारी सामने आई है. वाहन में 10 से 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, सवारियों की सही संख्या और मृतकों व लापता लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. नदी और आसपास के इलाके में लापता लोगों की तलाश की जा रही है. वाहन के भी नदी में समा जाने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. खबर लिखे जाने तक लापता लोगों की तलाश जारी रही.

