लुधियानाः नहर में मिला अपहृत पंजाबी सिंगर इंदर कौर का शव, जांच में जुटी पुलिस

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

लुधियानाः अपहृत पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29 वर्ष) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि इंदर कौर को करीब छह दिन पहले गन प्वाइंट पर किडनैप किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा था.

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि मोगा निवासी एक युवक इंदर पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था. जब इंदर ने शादी से इनकार कर दिया तो आरोपित ने उसका अपहरण कर लिया.

परिवार का कहना है कि आरोपित ने हत्या की साजिश पहले से रची हुई थी और वह इसी इरादे से कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था. घटना को अंजाम देने के बाद वह दोबारा नेपाल के रास्ते कनाडा फरार हो गया.

परिवार ने लगाया आरोप

परिवार के मुताबिक, करीब तीन साल पहले इंदर कौर की आरोपित से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी. बाद में इंदर को पता चला कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया था. इसी बात को लेकर आरोपित उससे रंजिश रखने लगा था.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपित की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है.

बताया जा रहा है कि इंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि उसका एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रह रहा है. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

क्या कहती है पुलिस?

इस संबंध में थाना प्रभारी जमालपुर हलबीर सिंह ने बताया कि नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी. परिजनों ने पहनावे और हुलिए के आधार पर मृतका की पहचान इंदर कौर के रूप में की है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है. फरार चल रहे सह-आरोपियों की तलाश जारी है और मुख्य आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

Latest News

Aaj Ka Rashifal: आज मंगलवार को इन 4 राशियों पर बरसेगी बजरंगबली की कृपा, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 27 October 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This

Exit mobile version