नेपाल: ट्रेकिंग के दौरान 6 भारतीय पर्यटक लापता, सेना ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Nepal Indian Tourist Missing: नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद 6 भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं. लापता लोगों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं. सभी पर्यटक नेपाल की सबसे गहरी झीलों में से एक शे-फोक्सुंडो की ट्रेकिंग पर निकले थे. अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएनआई को इसकी पुष्टि की है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पर्यटक डोल्पो बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 और 8 से झील की ओर जा रहे थे. उन्हें आखिरी बार शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-4 और 8 के बीच स्थित नुमला पास और बागला पास के इलाकों में देखा गया था.

स्थानीय गाइडों को आशंका है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई भारी बर्फबारी की वजह से पर्यटक पहाड़ों में फंस गए हैं. बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने उन्हें खराब मौसम और पहाड़ी दर्रों में खतरनाक परिस्थितियों को देखते हुए आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी थी. इसके बावजूद पर्यटकों ने अपनी यात्रा जारी रखी.

मुख्य जिला अधिकारी जुनू हमाल ने बताया

ऐसा माना जा रहा है कि ऊंचाई वाले इलाके से लौटते समय वे बर्फ में फंस गए. डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनू हमाल ने बताया कि पर्यटक फोक्सुंडो झील की ओर लौटते समय रास्ते में फंस गए. उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने से पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें मौसम और पहाड़ी रास्तों की कठिन परिस्थितियों के बारे में आगाह किया था.

शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धावा समदुक गुरंग ने बताया कि पहाड़ी दर्रों में मोबाइल नेटवर्क नहीं रहता है. इससे लापता पर्यटकों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है. उनके अनुसार, वार्ड-4 और 8 के बीच मोबाइल फोन सेवा नहीं है. ऐसे में पर्यटकों की मौजूदा स्थिति और उनके ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

रेस्क्यू के लिए क्या है तैयारी?

प्रशासन ने लापता पर्यटकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है. हालांकि, भारी बर्फबारी और खराब मौसम की वजह से ऊंचाई वाले इलाकों में बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है. डोल्पा पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरि ने बताया कि ताजा जानकारी के अनुसार, सभी छह भारतीय पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने संबंधित एजेंसी से बचाव अभियान में मदद के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.

लापता पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए नेपाली सेना की एक टीम भी तैनात की गई है. मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता, भारी बर्फ और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण बचाव दलों को पर्यटकों की सटीक लोकेशन पता लगाने में दिक्कतें आ रही है.

कितने पर्यटक मौजूद हैं अपर डोल्पा में?

जिला प्रशासन कार्यालय के मुताबिक, अपर डोल्पा पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या 244 है. इनमें 149 नेपाली नागरिक, सार्क देशों के 44 पर्यटक और अन्य देशों के 51 पर्यटक शामिल हैं. मौसम बिगड़ने के बीच जिला प्रशासन ने पर्यटकों को जोखिम भरे इलाकों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

Latest News

खाना खाते ही टॉयलेट भागने की होती है जरूरत? जानें इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण, कब हो सकता है गंभीर खतरा

Pooping Right After Eating: खाना खाने के बाद शरीर में पाचन से जुड़ी कई गतिविधियां शुरू हो जाती हैं....

More Articles Like This

Exit mobile version