Pakistan Crime: पाकिस्तान पुलिस ने कराची में गैंगस्टर रहमान डकैत के बेटे को फिर से धर दबोचा है. ल्यारी के खूंखार अंडरवर्ल्ड से जुड़े इस नाम ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं, क्योंकि उसके बेटे जिब्रान को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह व्यक्ति पुराना अपराधी है, जो बार-बार जेल जा चुका है और अब भी उसी राह पर चल रहा था.
यह घटना सोमवार को हुई, जब कलाकोट पुलिस ने जिब्रान को दबोचा. उसके पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई. बयान जारी कर पुलिस ने बताया कि जिब्रान अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत का बेटा है और वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है.
पुलिस ने जिब्रान को कलाकोट इलाके से किया अरेस्ट
कलाकोट थाने की पुलिस ने विशेष ऑपरेशन में जिब्रान को कलाकोट इलाके से अरेस्ट किया. उसके कब्जे से मिली अवैध पिस्तौल को पुलिस ने जब्त कर लिया. कुछ रिपोर्टों में दो पिस्तौल और गोलियों का जिक्र है, लेकिन आधिकारिक बयान में एक पिस्तौल की बात कही गई है. पुलिस ने उसे “आदतन अपराधी” करार दिया है, जिसका मतलब है कि वह पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुका है और जेल जा चुका है.
जाने क्या है जिब्रान के अपराध?
जिब्रान के खिलाफ ल्यारी के कलाकोट थाने में 2023 और 2024 के बीच दो एफआईआर दर्ज हैं. पुलिस का दावा है कि वह ड्रग तस्करी, फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है. वह ल्यारी में अपराधियों का एक गिरोह बनाने की कोशिश कर रहा था. उसकी रिहाई के बाद भी वह पुरानी हरकतों पर लौट आया था, जिसके चलते पुलिस ने फिर से उस पर नजर रखी और कार्रवाई की है.
गैंग वॉर का बड़ा नाम था रहमान डकैट
मालूम हो कि रहमान डकैत ल्यारी के गैंग वॉर का बड़ा नाम था. वह 80 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल रहा और ल्यारी की गैंग वॉर का केंद्र रहा. 2009 में कराची पुलिस ने उसे और उसके तीन साथियों को मार गिराया था. रहमान डकैत की मौत के बाद उसके परिवार से जुड़े सदस्य भी अपराध की दुनिया सक्रिय रहे. 2024 में पुलिस ने उसके एक बेटे को कथित मुठभेड़ में ढेर कर दिया था.