Pakistan Airspace: भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर लगी रोक को 24 सितंबर तक बढ़ा दिया है. यह जानकारी बुखवार को पाकिस्तान के हवाई अड्डा प्राधिकरण ने दी. भारत और पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद एक-दूसरे की विमानन सेवाओं के लिए हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाए थे. पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में कहा गया है, ”भारतीय पंजीकरण वाले विमानों और भारतीय एयरलाइंस/ऑपरेटरों द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमानों के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र उपलब्ध नहीं है.”
यह फैसला मौजूदा प्रतिबंध की 23 अगस्त को समाप्त हो रही अवधि से पहले लिया गया है. नोटम के मुताबिक, प्रतिबंध का विस्तार 23 अगस्त को सुबह 10 बजकर 15 मिनट से प्रभावी होगा और 24 सितंबर को सुबह चार बजकर 59 मिनट तक लागू रहेगा. 2022 के पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एक दस्तावेज के मुताबिक, देश के हवाई क्षेत्र को कराची और लाहौर दो उड़ान सूचना क्षेत्रों (FIR) में बांटा गया है. यह प्रतिबंध दोनों एफआईआर पर लागू होगा.
पिछले वर्ष से इस प्रतिबंध को हर महीने बढ़ाया जा रहा है, जिससे एयरलाइंस के लिए वित्तीय परेशानियां बढ़ी हैं और यात्रियों के यात्रा समय में भी इजाफा हुआ है. भारत ने भी पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद उठाए गए कदमों के तहत सभी पाकिस्तानी पंजीकृत विमानों, एयरलाइंस और सैन्य उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर पारस्परिक प्रतिबंध बरकरार रखा है.

