पुतिन के 74वें जन्मदिन पर रूस ने यूक्रेन में मचाई तबाही, हवाई हमले में 5 बच्चों सहित 32 लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Russia-Ukraine War: राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 74वें जन्मदिन यानी 7 अक्टूबर को यूक्रेन पर हुए बड़े रूसी हवाई हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर कम से कम 32 हो गई है. मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं. बचावकर्मियों को गुरुवार सुबह भी कीव और प्रिलुकी की क्षतिग्रस्त आवासीय इमारतों के मलबे से शव मिलते रहे, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा और बढ़ गया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले को लेकर रूस पर तीखा हमला बोला और इसे पुतिन के लिए ‘जन्मदिन का तोहफा’ बताया. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर आर्थिक और सैन्य दबाव बढ़ाने की अपील की.

सबसे घातक हमला चेर्निहाइव क्षेत्र के प्रिलुकी शहर में हुआ. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूसी ख-101 क्रूज मिसाइल ने पांच मंजिला रिहायशी इमारत को निशाना बनाया. विस्फोट के बाद इमारत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया और कई परिवार मलबे में दब गए. गुरुवार सुबह तक यहां 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं. मृतकों में तीन ऐसे बच्चे भी थे, जिनकी उम्र महज एक साल थी. करीब 55 लोग घायल हुए हैं.

बचावकर्मियों ने रातभर मलबे में तलाशी अभियान चलाया. आपातकर्मियों ने क्षतिग्रस्त इमारत से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. एक पांच साल की बच्ची और उसकी मां को भी विस्फोट के बाद मलबे से बचाया गया. हमले में गैस पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे 18 हजार से अधिक लोगों की गैस आपूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित हुई.

रूसी हमलों से राजधानी कीव भी बुरी तरह प्रभावित हुई. गुरुवार को तड़के बचावकर्मियों ने शहर के देसन्यान्स्की जिले की एक क्षतिग्रस्त अपार्टमेंट इमारत से दो और शव बरामद किए. यूक्रेनी आपात सेवा के अनुसार, एक रूसी ड्रोन ने 12 मंजिला रिहायशी इमारत को करीब दसवीं मंजिल के आसपास टक्कर मारी. इसके बाद आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा. चार लोग घायल हुए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

बुधवार को कीव के ओबोलोंस्की जिले में भी दो लोगों की मौत हुई थी. राजधानी के सोलोमियांस्की जिले में एक पांच मंजिला इमारत पर ड्रोन हमले से आग लग गई और आठ लोग घायल हुए.

जेलेंस्की ने कहा कि ‘युद्ध पुतिन की विचारधारा’ जेलेंस्की ने पुतिन के जन्मदिन के साथ हमले के समय को जोड़ते हुए कहा कि यह कैसा ‘तोहफा’ है- बच्चों और लोगों की हत्या. उन्होंने आरोप लगाया कि रूस शांति की कोशिशों के बावजूद युद्ध को बढ़ाना जारी रखे हुए है. जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस पर और कड़ा आर्थिक तथा सैन्य दबाव बनाने की अपील की.

उन्होंने विशेष रूप से यूक्रेन को अतिरिक्त पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां उपलब्ध कराने की मांग दोहराई. उनका कहना है कि रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से नागरिकों की सुरक्षा के लिए यूक्रेन को अतिरिक्त वायु रक्षा क्षमता की तत्काल जरूरत है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This