Pakistani Plane Missing: पाकिस्तान से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक कार्गो विमान के अचानक लापता होने की घटना से सुरक्षा एजेंसियों और विमानन विशेषज्ञों में हड़कंप मच गया है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूटने के करीब 14 घंटे बाद भी विमान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इस बीच पाकिस्तान ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जिसमें नौसेना, वायुसेना और अन्य सरकारी एजेंसियों को शामिल किया गया है.
बताया गया है कि शारजाह से कराची जा रहा एक कार्गो प्लेन मंगलवार देर रात अरब सागर के ऊपर ट्रैकिंग स्क्रीन से गायब हो गया. रिपोर्ट के मुताबिक, K2 एयरवेज का बोइंग 737-400 जेट पाकिस्तानी एयरस्पेस में प्रवेश करते समय कराची से लगभग 300 किलोमीटर पश्चिम में मॉनिटरिंग बेस से संपर्क खो बैठा.
कैप्टन ने उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की सूचना दी थी और क्षेत्रीय कंट्रोल बेस से मदद मांगी थी. पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के मुताबिक, लापता कमर्शियल फ्रेटर (मालवाहक विमान) में पांच क्रू सदस्य सवार थे. PAA ने बताया कि कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (ACC) द्वारा मॉनिटरिंग के दौरान फ्लाइट क्रू ने रात 9:18 बजे ट्रैकिंग इंस्ट्रूमेंट में खराबी की सूचना दी थी. हालांकि, रात 9:21 बजे तक, टेक्निकल मॉनिटर्स ने देखा कि विमान तेजी से नीचे आ रहा था और अचानक अपना रास्ता बदल रहा था. इसके तत्काल बाद, कराची से लगभग 287 किलोमीटर पश्चिम में “रडार संपर्क और संचार टूट गया.”
खबरों के अनुसार, उड़ान भरने के तुरंत बाद जेट के ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) में ऑपरेशनल खराबी आ गई थी, जिससे शारजाह के पास ट्रैकिंग की सटीकता प्रभावित हुई थी. ग्लोबल फ्लाइट-ट्रैकिंग पोर्टल FlightRadar ने कह कि शुरुआती ADS-B डेटा ऊंचाई में कमी, उसके बाद ऊंचाई बढ़ने और फिर दूसरी बार अचानक और तेजी से ऊंचाई घटने का संकेत देता है. जेट से आखिरी ब्रॉडकास्ट ट्रांसमिशन समुद्र तल से 1,100 फीट की ऊंचाई पर दर्ज किया गया था, जिसमें ‘वर्टिकल रेट -22,400 फीट प्रति मिनट’ बताई गई थी.