Rampur Crime News: शराब की लत इंसान को किस हद तक अमानवीय बना सकती है, इसकी एक दिल दहला देने वाली मिसाल उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से सामने आई है. शाहबाद थाना क्षेत्र के जागेश्वर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना घटी, जहां शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की ईंट से बेरहमी से हत्या कर दी. गंभीर रूप से घायल मां को इलाज के लिए मेरठ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
यह घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. आरोपी राजू, जो अपनी दो बहनों का इकलौता भाई है, शराब के नशे में घर पहुंचा था. उसने अपनी 50 वर्षीय मां माया देवी से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे. मां के इनकार करते ही वह आपा खो बैठा और गुस्से में पास पड़ी ईंट उठाकर मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में मां का सिर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हाथ में भी फ्रैक्चर आया.
इलाज के दौरान मां की मौत
चीख-पुकार सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी राजू को पकड़ लिया. गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान माया देवी को पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें रामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ भेज दिया, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
बहन ने दर्ज कराया मुकदमा
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी राजू शराब का आदी है. उसकी लत से परेशान होकर उसकी पत्नी भी दो साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी है. घटना के वक्त घर पर पिता नहीं थे. राजू की बहनों ने ही मां को बचाने की कोशिश की थी, जिस पर आरोपी ने उनसे भी हाथापाई की थी. पुलिस ने बहन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धारा 302 (हत्या) के तहत कार्रवाई की जाएगी.
पहले छोड़ गई है पत्नी
आरोपी की शराब की लत के चलते उसकी पत्नी भी करीब दो साल पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी. इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है. मां की हत्या के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी को धारा 302 के तहत रिमांड पर लिया जाएगा.