Punjab: सुनाम में जहरीली शराब का कहर जारी, 4 और की मौत, 11 पहुंचा आंकड़ा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Punjab: पंजाब के संगरूर में जहरीली शराब से मौतों को सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गांव गुज्जरां में नौ लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को सुनाम की टिब्बी रविदासपुरा बस्ती में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की जान चली गई. वहीं शनिवार को चार और लोगों की जिंदगी जहरीली शराब गटक गई. इन चार लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 11 हो गया है. शनिवार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती रवि नाथ, सुखदेव सिंह, कर्मजीत सिंह और बिट्टू सिंह की मौत हो गई.

हर घर में छाया गम का बादल
जहरीली शराब से 11 मौतों के बाद टिब्बी रविदास पुरा बस्ती के हर घर में गम का बादल छाया हुआ है. इस मामले में सबसे दुखद पहलू यह है कि पंजाब की वर्तमान सत्ता का पूरा दारोमदार और केंद्र संगरूर ही है. खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान से लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा इसी जिले के हैं, लेकिन अभी तक किसी ने भी पीड़ितों की दुखती रग पर हाथ नहीं रखा है.

जहरीली शराब से शुक्रवार को जान गंवाने वालों में जखेपल निवासी ज्ञान सिंह के अलावा सुनाम टिब्बी रविदासपुरा निवासी लछा सिंह (लेहलखुर्द), दर्शन सिंह, गुरमीत सिंह, बुद्ध सिंह, दर्शन सिंह और रफीनाथ शामिल थे. अवैध तरीके से शराब बेचने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी सर्च तेज कर दी गई है.

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
जहरीली शराब कांड की जानकारी होने पर डीएसपी मनदीप सिंह संधू अपनी टीमों के साथ टिब्बी रविदासपुरा बस्ती में पहुंचे. पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर चप्पे-चप्पे की छानबीन की और जहरीली शराब की कुछ बोतलें भी बरामद कीं. इन बोतलों का ब्रांड गुज्जरां में मिली शराब वाला ही मिला. जहरीली शराब के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों ने इस काले कारोबार को करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. डीएसपी मनदीप सिंह संधू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

Latest News

Sudan Crisis: सूडान में RSF ने किया हमला, आठ बच्चों सहित 24 की मौत, वाहन को बनाया निशाना

RSF Attack In Sudan: पिछले तीन वर्ष से सूडान में जारी गृह युद्ध के चलते देश में मानवीय संकट और...

More Articles Like This

Exit mobile version