Ranchi Petrol Pump Robbery: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार की रात अपराधियों ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए जमकर उत्पात मचाया. शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराधियों ने दो पेट्रोल पंप, एक सीएनजी पंप और एक दुकान को निशाना बनाकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे दी है.
राजधानी में दहशत का माहौल है
बीआईटी थाना क्षेत्र में आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने दो पेट्रोल पंपों पर धावा बोलकर लाखों रुपये लूट लिए, वहीं टाटीसिल्वे में गेल सीएनजी पंप को निशाना बनाया गया. इधर, ओरमांझी इलाके में एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर अपराधी फरार हो गए. इन सिलसिलेवार घटनाओं से राजधानी में दहशत का माहौल है.
हथियार के बल पर दो पेट्रोल पंपों को लूटा Ranchi Petrol Pump Robbery
पहली बड़ी वारदात बीआईटी थाना क्षेत्र में हुई, जहां कार और बाइक से पहुंचे करीब छह अपराधियों ने हथियार के बल पर दो पेट्रोल पंपों को लूटा. अपराधियों ने पहले पंप से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूटी, जबकि दूसरे पंप से करीब दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए. घटना के समय कम भीड़ का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और कैश काउंटर साफ कर दिया.
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई
सूचना मिलने पर बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है और अपराधियों की पहचान में जुट गए हैं. इसी रात अपराधियों का दूसरा निशाना टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र स्थित गेल सीएनजी पंप बना. यहां पांच की संख्या में पहुंचे डकैतों ने हथियार लहराते हुए करीब 12 हजार रुपये लूट लिए. लूट की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर टाटीसिलवे पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.
आपसी विवाद में एक दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया
वहीं, ओरमांझी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूट के इरादे या आपसी विवाद में एक दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल दुकानदार को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. एक ही रात में हुई इन चार वारदातों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस की कई टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है.