दक्षिण अफ्रीकाः स्मृति सभा से लौट रहे लोगों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी, चार की मौत, तीन घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

South Africa Shooting: दक्षिण अफ्रीका सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक स्थानीय राजनेता की स्मृति सभा से लौट रहे लोगों पर एक बंदूकधारी ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. इस घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी.

संदिग्ध ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात जोहानिसबर्ग के दक्षिण-पूर्व में स्थित कैटलेहोंग टाउनशिप में हुई गोलीबारी में घायलों में एक बच्चा भी शामिल है. संदिग्ध ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.

दो की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि घटनास्थल पर दो लोगों की मौत हुई है. हालांकि, बुधवार को अस्पताल में दो अन्य घायलों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई. एक  बयान में दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा ने बताया कि मामले की जांच राजनीतिक हत्याओं से जुड़े विशेष जांच दल को सौंपी गई है.

स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, मृतकों में से कुछ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) पार्टी की युवा शाखा के सदस्य थे. यह पार्टी दक्षिण अफ्रीका की संसद में सबसे बड़ी पार्टी है. रिपोर्टों के मुताबिक, स्मृति सभा एक महिला एएनसी नेता के लिए आयोजित की गई थी. महिला की इसी महीने की शुरुआत में हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी. आशंका जताई गई थी कि वह घटना राजनीतिक कारणों से हुई थी. पुलिस ने मृतकों की पहचान की तत्काल पुष्टि नहीं की.

More Articles Like This

Exit mobile version