Tehran Oil Depot Attack: ईरान के कई तेल डिपो पर अमेरिका और इस्राइल ने बड़ा हमला किया है. पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच इस्राइल ने ईरान की राजधानी तेहरान में ईंधन भंडारण केंद्रों पर बड़े भीषण हमले की पुष्टि की है. इस्राइल की सेना ने कहा कि उसने तेहरान में कई फ्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया. इन हमलों के बाद शहर के कई इलाकों में आग और घना धुआं फैल गया. ईरानी मीडिया के मुताबिक, दक्षिण तेहरान में स्थित एक तेल डिपो पर भी हमला हुआ. यह पहली बार बताया जा रहा है कि ईरान के तेल ढांचे को इस स्तर पर निशाना बनाया गया है.
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, दक्षिण तेहरान के एक बड़े तेल भंडारण केंद्र पर अमेरिका और इस्राइल के हमले हुए. समाचार एजेंसी आईआरएनए ने कहा कि इस हमले में तेल डिपो को निशाना बनाया गया. हालांकि, एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया कि पास स्थित मुख्य रिफाइनरी की सुविधाओं को नुकसान नहीं पहुंचा है. इस्राइल की सेना ने भी बयान जारी कर कहा कि उसने तेहरान में कई ईंधन भंडारण परिसरों पर हमला किया है, जिनका इस्तेमाल ईरानी सैन्य ढांचे के संचालन के लिए किया जाता था.
हमले के बाद शहर में क्या बने हालात?
हमलों के बाद तेहरान और आसपास के इलाकों में भारी धुआं फैल गया. शहर में रहने वाली एक युवती ने बताया कि पूरे शहर में धुआं दिखाई दे रहा था और जलने की गंध महसूस हो रही थी. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आसमान में आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही है. बताया गया कि कई जगहों पर रात के समय भी आसमान लाल दिखाई दे रहा था. हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
तेहरान के पास स्थित अलबोर्ज प्रांत के करज शहर में भी लोगों ने जोरदार धमाकों की आवाज सुनी. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पहले आसमान में तेज लाल रोशनी दिखाई दी और उसके बाद पूरे इलाके में आग की लपटें फैल गईं. उन्होंने कहा कि उनकी मां काफी डर गई थीं और परिवार के लोग छत पर जाकर देखने लगे कि आखिर क्या हुआ है. एक अन्य युवक ने कहा कि धमाके के बाद ऐसा लगा जैसे रात अचानक दिन में बदल गई हो.
ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी ने कहा…
ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी ने कहा कि तेहरान और अलबोर्ज प्रांत में कुछ ईंधन डिपो पर हमले हुए हैं. हालांकि, कंपनी का कहना है कि अन्य श्रोतों से दोनों प्रांतों में ईंधन की आपूर्ति जारी रखी जा रही है. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, राजधानी के पश्चिम में करज सहित तीन अलग-अलग इलाकों में भी फ्यूल डिपो को निशाना बनाया गया. राज्य टीवी ने बताया कि तेहरान के दक्षिण में स्थित एक रिफाइनरी में भी हमले के बाद आग लग गई.