उमेश पाल हत्याकांड: पीडीए ने फिर सील किया गुड्डू मुस्लिम का दुकान, जांच कमेटी गठित

प्रयागराजः प्रशासन ने उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी 5 लाख के इनामी बमबाज गुड्डू मुस्लिम पर कड़ी कार्रवाई की है. पीडीए की टीम ने गुड्डू मुस्लिम के चिकन शॉप को सील कर दिया है. उसकी दुकान किसके इशारे पर खोली गई है और कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं, इसकी जांच के लिए पीडीए सचिव ने एक कमेटी गठित कर दी है. मालूम हो कि उमेश पाल की हत्या के बाद पुलिस ने चकनिरातुल चकिया स्थित उसके मकान और चिकन शाप को सील कर दिया था. कुछ दिन पहले चिकन शॉप खुल गई. यहां पर चिकन और मटन की बिक्री भी की जाने लगी. इसकी जानकारी मिलने पर पीडीए की टीम ने फिर गुड्डू मुस्लिम की दुकान को सील करने की कार्रवाई की.

मालूम हो कि उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी पांच लाख के इनामी गुड्डू मुस्लिम का मकान और चिकन शाप चकिया में माफिया अतीक अहमद के दफ्तर से चंद कदम की दूरी पर स्थित है. उमेश पाल की हत्या के बाद गुड्डू मुस्लिम फरार हो गया था. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पा रही है. हत्याकांड से जुड़े अतीक के दर्जन भर से अधिक गुर्गों और करीबियों के मकान को ध्वस्त कर दिया गया और उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया गया है.

किसके इशारे पर खोली गई दुकान
फरार चल रहे गुड्डू मुस्लिम की चिकन और मटन शॉप चकिया तिराहे के पास मुख्य रोड पर है. पुलिस ने इसे भी सील किया था. दो दिन पहले अचानक चिकन की शॉप खुलने पर लोग अचंभित रह गए. दुकान को रंग रोगन कराया गया था और बाहर जाली में मुर्गे रखकर बिक्री भी शुरू कर दी गई. दुकान लगातार तीन दिनों तक खुली. एक समाचार पत्र में यह खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया.

प्रशासन ने दोबारा उसकी दुकान को फिर सील करा दिया. उसकी दुकान किसके इशारे पर खोली गई, यह अहम प्रश्न सबके सामने है. पीडीए ने पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित कर दी है, जो कुछ दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी. सील होने के बावजूद दुकान खुलने को लेकर लोगों में चर्चा हो रही है. लोग इसे पुलिस की मिलीभगत से जोड़कर भी देख रहे हैं. मामले की जांच के लिए पीडीए के सचिव ने कमेटी का गठन किया है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version