US: अमेरिका के जंगल में लगी भीषण आग, 42 हजार लोगों को इलाका खाली करने के निर्देश

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Fire In America: अमेरिका में नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास उत्तर-पश्चिमी नेवाडा के शहर रेनो की ओर जंगल में भीषण आग लगी है और वह तेजी से फैल रही है. अधिकारियों के अनुसार, आग की वजह से कम से कम छह लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि करीब 42,000 लोगों को इलाका छोड़ने का आदेश दिया गया है. सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह आग शनिवार को शुरू हुई थी. अग्निशमन अधिकारियों ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आग अब तक 13,000 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैल चुकी है. आग अभी तक पूरी तरह नियंत्रण से बाहर है.

आग से घायल हुए छह लोग

अधिकारियों ने कहा कि घायलों में तीन आम नागरिक और तीन आपातकालीन सेवा कर्मी शामिल हैं. इसके अलावा लगभग 45,000 लोग ऐसे क्षेत्र में हैं, जहां उन्हें किसी भी समय इलाके को खाली करने की चेतावनी दी जा सकती है. अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि आग में कई इमारतें और ढांचे नष्ट हो चुके हैं. रविवार को वाशो काउंटी में करीब 10,000 बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के थे. रेनो, वाशो काउंटी का मुख्य शहर और सबसे अधिक आबादी वाला इलाका है.

तेज हवाओं से तेजी से फैल रही आग

अधिकारियों के मुताबिक, आग का व्यवहार बेहद खतरनाक और असामान्य देखा गया है. तेज हवाओं के कारण आग सूखी और आसानी से जलने वाली वनस्पतियों में बहुत तेजी से फैल रही है. नेवादा के गवर्नर जो लोम्बार्डो ने शनिवार रात वाशो काउंटी में आपातकाल की घोषणा कर दी. लोम्बार्डो ने एक बयान में कहा, ‘यह स्थिति लगातार बदल रही है और बहुत तेजी से विकसित हो रही है. मैं प्रभावित इलाकों में रहने वाले सभी लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील करता हूं. राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है और हम स्थानीय प्रशासन तथा राहतकर्मियों के साथ मिलकर लोगों की जान बचाने, समुदायों की सुरक्षा करने और नागरिकों को खतरे से दूर रखने के लिए हर संभव संसाधन लगा रहे हैं.’

प्रशासन ने लोगों को चेताया

सोशल मीडिया पर गवर्नर ने रविवार की सुबह फिर चेतावनी देते हुए कहा कि आग से जुड़ी स्थिति अभी भी तेजी से बदल रही है. उन्होंने कहा कि यदि आप प्रभावित क्षेत्रों में हैं, तो सतर्क रहें और लगातार नई जानकारी लेते रहें.

Latest News

18 October 2026 Ka Panchang: रविवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

19 अक्टूबर 2026, सोमवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि सुबह 10 बजकर 52 मिनट तक रहेगी. इसके...

More Articles Like This

Exit mobile version