West Benagl Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनगांव में ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, “बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले टीएमसी मां-माटी-मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुंह से मां-माटी-मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते. आखिर क्यों? क्या कारण है? ये टीएमसी वाले अगर मां-माटी-मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे. टीएमसी की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया.”
पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें और बेटियां हैं. बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है. संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे. टीएमसी की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही. यहां बहनों को ही गाली दी गई. बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भी भूलना नहीं है.
आप हमें वोट दें, हम TMC से आजादी दिलाएंगेः PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, “बंगाल के पास सब कुछ है. बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भरपूर है, इसलिए बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है. हमें बस नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान को याद रखना है. नेताजी ने कहा था, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा. नेताजी के इस आह्वान पर देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है. आप हमें अपना आशीर्वाद दीजिए, अपना वोट दीजिए, हम आपको टीएमसी से आजादी दिलाएंगे.” उन्होंने कहा कि टीएमसी के महाजंगलराज में यहां से बेटियां लापता हो रही हैं, लेकिन यहां की टीएमसी सरकार सोई पड़ी है. बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है. अब और नहीं, 4 मई के बाद भाजपा की सरकार इन गुंडों का चुन-चुन कर हिसाब करेगी.
बीजेपी की सरकार बनती है तो आठ परेशानियों से आजादी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है तो यहां की जनता को आठ चीजों से आजादी मिलेगी. इसमें टीएमसी के महाजंगलराज से, टीएमसी के भय से, टीएमसी के भ्रष्टाचार से, बेटियों पर अत्याचार से, बेकारी और बेरोजगारी से, लुटती भर्ती परीक्षाओं से, घुसपैठियों के कब्जे से, गुंडों और मस्तानों से आजादी दिलाने की बात कही गई. उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार में यहां बंगाल की बहनों को अपनी बीमारी का इलाज टालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हमारी सरकार आपको पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देगी. जन औषधि केंद्र पर 80 प्रतिशत डिस्काउंट पर दवा दी जाएगी. ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच और टीका मुफ्त लगाया जाएगा. साथ ही गर्भावस्था के दौरान ₹21,000 और ग्रेजुएशन के लिए बेटियों को ₹50,000 की मदद भाजपा सरकार देने वाली है. यानी बेटियों की पढ़ाई और दवाई, इसकी चिंता भाजपा सरकार करेगी.”
हर साल महिलाओं को ₹36,000 देने का वादा
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की भाजपा सरकार हर साल ₹36,000 बहनों के खाते में जमा करेगी. आंगनवाड़ी हो, अन्य महिला हेल्थ वर्कर हो, उनके वेतन को लेकर बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है. बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण का भरोसा दिया है. यानी भाजपा की डबल इंजन सरकार से बंगाल की बहनों और बेटियों को डबल फायदा होगा. उन्होंने कहा, “जैसे गंगाजी का उद्गम स्थल गंगोत्री है, वैसे ही भाजपा का उद्गम जनसंघ है और जनसंघ का उद्गम बंगाल से हुआ है.
पहले लोकसभा चुनाव में बंगाल ने जनसंघ का खाता खोला था. तब कोलकाता से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जीते थे. उस दौरान 24 परगना, नादिया, मेदिनीपुर में विधानसभा चुनाव में बहुत अच्छा समर्थन मिला था. इसका कारण था कि जनसंघ ने विभाजन का दर्द बांटा था. तब जनसंघ पूर्वी बंगाल से बेघर हुए शरणार्थियों के साथ खड़ा हुआ था. जनसंघ की कहीं पर भी सरकार नहीं थी, लेकिन शरणार्थियों के मुद्दे को जनसंघ ने ही उठाया था. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को तो शरणार्थियों का प्रवक्ता माना जाता था. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संस्कार आज भाजपा के भीतर हैं, इसलिए विभाजन से लेकर आज तक हर शरणार्थी परिवार को हम अपनी जिम्मेदारी मानते हैं.”