US Midterm Elections: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार हुई है. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस हार का कारण साफ तौर पर ईरान युद्ध बताया.
जेडी वेंस की इस बात का समर्थन डोनल्ड ट्रंप के सबसे बड़े बेटे ट्रंप जूनियर ने भी किया. इससे राष्ट्रपति के अपने खेमे के अंदर से ईरान युद्ध को लेकर मौजूद मतभेद सामने आ गए हैं.
रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार की वजह ईरान संघर्ष
वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार की वजह ईरान संघर्ष, बढ़ती महंगाई और US की विदेश नीति को लेकर मतदाताओं की चिंताओं को दूर न कर पाना बताया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वेंस ने बताया, ‘हम युद्ध की वजह से हारे हैं. कल रात खुद राष्ट्रपति ने भी यही बात कही थी.’
जेडी वेंस के पोस्ट शेयर करने के ठीक एक घंटे बाद, ट्रंप जूनियर ने इस पोस्ट को रीपोस्ट किया और लिखा, ‘इसकी हर एक बात बिल्कुल सही है 💯💯💯.’
हार की वजह बताई जेडी वेंस ने
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखा, ‘हमारी हार का कारण यह युद्ध है. कल रात खुद राष्ट्रपति ने भी यही बात कही.’
वेंस ने आगे लिखा, ‘अगर आप यह तर्क देना चाहते हैं कि यह सब जायज था, कि अगले 6 सालों के लिए सीनेट में हार जाना एक सही कीमत थी, तो आप ऐसा कर सकते हैं. आप कह सकते हैं कि यह एक ऐसी कीमत थी, जिसे चुकाना सही था. आप इससे सहमत हों या न हों, कम से कम यह एक ईमानदार बात होगी.’
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, ‘लेकिन हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे। और अब आगे क्या करना है, इस पर कोई भी ईमानदार चर्चा यहीं से शुरू होनी चाहिए.’
वेंस ने आगे लिखा, ‘मैं अपने देश को लेकर अभी भी आशान्वित हूँ। जो लोग बहुत नाराज हैं और कहना चाहते हैं कि “मैंने तो पहले ही कहा था”, आप सही हैं, आपने वाकई हमें पहले ही बता दिया था.’
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, ‘अपनी इस ऊर्जा का इस्तेमाल ऐसे रिपब्लिकन नेताओं को चुनने में करें, जिनकी सोच आपसे मेल खाती हो. जो लोग नतीजों से नाराज हैं और उन्हें होना भी चाहिए. वे अपनी इस नाराजगी को एक दिशा दें और अपने देश को बचाने के काम में फिर से जुट जाएं.’