West Bengal Elections Result: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महिलाओं ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के लिए विशेष पूजा अर्चना की. गंगा घाट के किनारे महिलाओं ने गंगा आरती के साथ सूर्य की भी उपासना की.
हमें उम्मीद है कि भाजपा सत्ता में आएगी
एक महिला ने कहा, “हमने यहां प्रार्थना की है और आरती की है. हमें उम्मीद है कि भाजपा सत्ता में आएगी. बंगाल में बदलाव होना चाहिए. हम चाहते हैं कि भाजपा जीते.” एक अन्य महिला ने कहा कि हमने शंखनाद और सूर्य उपासना इसलिए की ताकि बंगाल में भाजपा सत्ता में आ सके. हमने बहुत मुश्किलें झेली हैं. अब हम और तकलीफ नहीं उठाना चाहती हैं. एक और महिला ने कहा, “हमने भाजपा की भारी बहुमत से जीत के लिए प्रार्थना की है और पूरी श्रद्धा के साथ ये रस्में निभाई हैं.”
सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना West Bengal Elections Result
इसी बीच, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई. पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए थे, जिसमें करीब 93 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे. इस बार ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमानों ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के अंत और भाजपा के शासन की शुरुआत की भविष्यवाणी की है.
मुख्य मुकाबला TMC और BJP के बीच
बंगाल में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है. इस बार लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा है, हालांकि लेफ्ट फ्रंट का एआईएसएफ के साथ सीटों के बंटवारे का समझौता था. इस बार, कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट दोनों के लिए मुख्य चुनौती राज्य विधानसभा में अपनी मौजूदगी के लिहाज से अपना खाता फिर से खोलना है. 2021 में हुए पिछले चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने 216 सीटें जीती थीं, उसके बाद भाजपा ने 77 और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) ने एक सीट जीती थी. कांग्रेस और माकपा के नेतृत्व वाला लेफ्ट फ्रंट, दोनों ही गठबंधन में चुनाव लड़ने के बावजूद एक भी सीट नहीं जीत पाए थे.

