Mumbai: मशहूर डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है. खास बात यह है कि फिल्म में एक भी कट नहीं लगा है. सेंसर बोर्ड से क्लीयरेंस मिलने के बाद अब यह फिल्म अपनी तय तारीख यानी 14 अगस्त को ही सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
भारत-पाकिस्तान विभाजन पर बनी फिल्म
1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म लाहौर के एक मुस्लिम परिवार की कहानी बयां करती है, जिसका सामना एक ऐसी हिंदू महिला से होता है जो अपना पुश्तैनी घर छोड़ने से मना कर देती है. ‘बंटवारा 1947’ फिल्म प्रसिद्ध नाटककार असगर वजाहत के बहुचर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ही नई’ पर आधारित है.
अपना पुश्तैनी मकान छोड़ने से इनकार
फिल्म की कहानी विभाजन के बाद लाहौर पहुंचे एक मुहाजिर परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वहां एक खाली पड़े हिंदू घर में शरण लेता है. लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब उस घर की बुजुर्ग हिंदू महिला अपना पुश्तैनी मकान छोड़ने से साफ इनकार कर देती है. इसके बाद उस परिवार और महिला के बीच की खींचतान और फिर धीरे-धीरे दोनों के बीच पनपते इंसानी रिश्ते को पर्दे पर उकेरा गया है.
मुहाजिर परिवार के मुखिया के रोल में हैं सनी देओल
फिल्म में सनी देओल मुहाजिर परिवार के मुखिया के रोल में हैं, जबकि शबाना आजमी बुजुर्ग हिंदू महिला का किरदार निभा रही हैं. हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी ऑफिशियल रिलीज डेट का ऐलान किया. पोस्टर में विभाजन के खौफनाक मंजर के बीच भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति और एक जलता हुआ दिया नजर आया. मेकर्स ने लिखा, ‘जब दुनिया ने अपना पक्ष चुना, तब उन्होंने धर्म चुना. इस विभाजन दिवस यानी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में देखिए बंटवारा 1947.’
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले हुआ निर्माण
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले हुआ है. सनी देओल और शबाना आजमी के अलावा फिल्म में प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिष्का कपूर अहम भूमिकाओं में हैं. इस फिल्म से प्रीति जिंटा लगभग 6 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. फिल्म का बैकग्राउंड संगीत और गाने एआर रहमान ने तैयार किए हैं, जबकि बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं.
इसे भी पढ़ें. गोरखपुर में CM योगी बोले- सपा-कांग्रेस ने नौजवानों को बेरोजगार करने का पाप किया

