Harsh Gujral CM Yogi: स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इस वीडियो में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने ऐसा मजेदार किस्सा सुनाते नजर आ रहे हैं, जिसे सुनकर सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. मौका था हर्ष गुजराल को उत्तर प्रदेश के ‘यूथ आइकन’ के रूप में सम्मानित किए जाने का. कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन ने अपने अंदाज में प्रदेश में अपराध को लेकर एक चुटकुला सुनाया, जिस पर मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए.
CM Yogi के सामने Harsh Gujral ने सुनाया किस्सा
कार्यक्रम के दौरान हर्ष गुजराल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि एक कॉमेडियन के तौर पर उनका काम लोगों का तनाव कम करना है. उन्होंने सीएम से कहा, “हमारा काम कॉमेडी का है तो हम स्ट्रैस दूर करने की कोशिश करते हैं. सर आपके ऊपर पूरे उत्तर प्रदेश का इतना स्ट्रैस है.” इसके बाद हर्ष ने लखनऊ में अपने पिछले दौरे का एक किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार वह शहर में टहल रहे थे, तभी उनकी मुलाकात केले बेचने वाले एक व्यक्ति से हुई. बातचीत के दौरान उन्होंने उससे प्रदेश में अपराध की स्थिति के बारे में पूछ लिया.
‘भैया, मैं खुद क्रिमिनल था, अब केले बेच रहा हूं’
हर्ष ने अपने चुटकुले में बताया कि जब उन्होंने केले वाले से पूछा कि लखनऊ में अपराध का क्या हाल है, तो उसने जवाब दिया कि अब अपराध पूरी तरह खत्म हो गया है. कॉमेडियन ने आगे कहा कि जब उन्होंने उससे पूछा कि उसे यह कैसे पता, तो केले वाले ने जवाब दिया, “भैया, मैं खुद क्रिमिनल था, अब केले बेच रहा हूं.” इस पंचलाइन को सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों की हंसी छूट गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जोरदार ठहाके लगाते नजर आए. वीडियो में सीएम योगी हर्ष की पीठ थपथपाते हुए भी दिखाई देते हैं.
सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहा है वीडियो?
हर्ष गुजराल ने कार्यक्रम का यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है. वीडियो में मुख्यमंत्री के सामने उनके कॉमिक अंदाज और चुटकुले पर आई प्रतिक्रिया को लोग पसंद कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हर्ष का यह अंदाज इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने प्रदेश में अपराध जैसे गंभीर विषय को हल्के-फुल्के हास्य के रूप में पेश किया और मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी.
‘यूथ आइकन’ सम्मान मिलने पर हर्ष ने क्या कहा?
कॉमेडियन हर्ष ने वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में उत्तर प्रदेश के ‘यूथ आइकन’ के रूप में सम्मानित होने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है. साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर कुछ हल्के-फुल्के पल साझा करने को उन्होंने अपने लिए सौभाग्य बताया. फिलहाल, उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. कॉमेडियन के चुटकुले और उस पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया की खूब चर्चा हो रही है.