Govinda New Movie: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग, दमदार डांस और सुपरहिट फिल्मों के लिए मशहूर गोविंदा लंबे समय से फिल्मों से दूर थे, लेकिन अब उन्होंने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दे दी है. अभिनेता ने अपनी नई फिल्म ‘रूपा’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है.
13 जुलाई को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने न सिर्फ फिल्म की घोषणा की, बल्कि इसकी लीड एक्ट्रेस से भी सभी को रूबरू कराया. खास बात यह है कि इस फिल्म को गोविंदा खुद प्रोड्यूस कर रहे हैं. ऐसे में इस बार वह अभिनेता के साथ-साथ निर्माता की भूमिका में भी नजर आएंगे.
लंबे समय बाद वापसी को लेकर क्या बोले गोविंदा?
फिल्मों से लंबे समय तक दूर रहने के बाद गोविंदा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने करियर और वापसी को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में उन्हें कई बार नजरअंदाज किया गया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी.
उन्होंने कहा, “शायद मेरी किस्मत में यही लिखा था कि मुझे बार-बार नजरअंदाज किया जाए. लोग तो यहां तक कहने लगे थे कि अब गोविंदा फिल्मों में कभी नजर नहीं आएंगे. लेकिन मुझे हमेशा से ‘रीस्टार्ट’ करने पर भरोसा रहा है. मैं भगवान से यही प्रार्थना करता हूं कि यह फिल्म वो मुकाम हासिल करे, जिसकी कल्पना भी किसी ने न की हो.”
गोविंदा ने आगे बताया कि ‘रूपा’ को खास तौर पर आज की युवा पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. उनका मानना है कि जब युवा इस फिल्म को सिनेमाघरों में देखेंगे तो उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की नई प्रेरणा मिलेगी.
कौन हैं फिल्म की नई हीरोइन रानी स्वर्णकार?
फिल्म ‘रूपा’ के जरिए गोविंदा बॉलीवुड को एक नया चेहरा देने जा रहे हैं. इस फिल्म में उनके साथ उत्तर प्रदेश की रहने वाली रानी स्वर्णकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. रानी इसी फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने जा रही हैं और उन्हें खुद गोविंदा लॉन्च कर रहे हैं. अपनी पहली फिल्म को लेकर उत्साहित रानी स्वर्णकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “गोविंदा सर जैसे लीजेंड के साथ स्क्रीन शेयर करना किसी सपने जैसा है. सच कहूं तो उनके बगल में खड़े होने के लिए भी मुझे बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी.”
उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें इतना बड़ा मौका मिला है और वह इस अवसर को अपनी मेहनत से सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगी.
कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग?
गोविंदा के फैंस अब फिल्म की शूटिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘रूपा’ की शूटिंग सितंबर या अक्टूबर 2026 के दौरान शुरू हो सकती है. लंबे समय बाद गोविंदा को एक नई फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर देखने के लिए उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उनकी यह नई पारी बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखाती है.
यह भी पढ़े: Weather Update: कहीं बारिश तो कहीं भीषण उमस, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट